महाराष्ट्र में गणेश विसर्जन पर छाया मातम, करंट और पानी में डूबने से 5 की मौत, 13 लोग हुए लापता

By रेनू तिवारी | Sep 07, 2025

रविवार को मुंबई में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बिजली का झटका लगने से 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पाँच अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। यह घटना साकीनाका के खैरानी रोड पर सुबह करीब 10.45 बजे हुई, जब एक लटकता हुआ बिजली का तार गलती से गणपति की मूर्ति को छू गया। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूर्ति के पास खड़े छह श्रद्धालुओं को बिजली के झटके लगे।

इसे भी पढ़ें: बर्थडे की खुशी मातम में बदली! पॉश इलाके में जन्मदिन पर युवती से सामूहिक बलात्कार, आरोपी फरार

 

इसके अलावा महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में गणेश उत्सव के समापन के बाद मूर्तियों के विसर्जन के दौरान कम से कम चार लोग डूब गए और 13 अन्य लापता हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले के चाकन क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोग अलग-अलग जलाशयों में बह गए। उन्होंने कहा कि दो लोग वाकी खुर्द में भामा नदी में और एक शेल पिंपलगांव में बह गया तथा एक अन्य व्यक्ति पुणे ग्रामीण के बिरवाड़ी में एक कुएं में गिर गया।

इसे भी पढ़ें: Indian Railways Jyotirlinga Yatra Package | भारतीय रेलवे ने 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा पैकेज की घोषणा की, किराया और बुकिंग की पूरी जानकारी

 

अधिकारी ने बताया कि चार लोगों में से दो के शव अब तक बरामद कर लिए गए हैं तथा अन्य दो की तलाश जारी है। नांदेड़ जिले के गडेगांव में एक नदी में तीन लोग बह गए। पुलिस ने बताया कि बाद में एक व्यक्ति को बचा लिया गया और अन्य दो की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि नासिक में चार लोग इसी तरह की त्रासदी का शिकार हुए और उनमें से एक का शव सिन्नार में बरामद किया गया।

पुलिस ने कहा कि जलगांव में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग बह गए और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इसने बताया कि ठाणे जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन लोग बह गए और अब तक एक शव बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, एक अन्य घटना में, अमरावती में विसर्जन के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां, झील और अन्य जल निकाय उफान पर हैं, जिसके कारण राज्य आपदा मोचन दल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को तैनात किया गया है।

प्रमुख खबरें

विमान अपहरण की कोशिश विफल करने वाले Captain Smit Machhar को मिले अशोक चक्र: ABVP

Russia इस साल 70000 भारतीय कुशल कामगारों को देगा नौकरी: विदेश मंत्री एस जयशंकर

CEC Gyanesh Kumar के इस्तीफे की मांग पर अड़े 150 AISA कार्यकर्ता हिरासत में

BJP MP Gajendra Singh Patel ने हिंदू युवाओं से की पांच बच्चे पैदा करने की अपील