Maharashtra विधान परिषद चुनाव: Nagpur सीट पर कांग्रेस की जीत बदलाव का संकेत, हर्षवर्धन सपकाल का बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने विधान परिषद की पांच में से तीन सीट पर विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) की जीत को राजनीतिक बदलाव का संकेत बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि नागपुर से उनके पार्टी सहयोगी अभिजीत वंजारी का दोबारा निर्वाचित होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। मुंबई के पास करजत में संवाददाताओं से बातचीत में सपकाल ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि फडणवीस ने उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने के लिए मनाने और प्रतिद्वंद्वियों पर दबाव डालने के लिए अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया।

सपकाल ने फडणवीस के एक पोस्ट को लेकर उनकी आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। इस पोस्ट को बाद में हटा दिया गया था। भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सत्तारूढ़ ‘महायुति’ में कथित मतभेद की खबरों पर सपकाल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर गठबंधन के घटक दल एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं लेकिन सत्ता और पद के लिए ये दल अंततः फिर एकजुट हो जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘कौन मुख्यमंत्री बनेगा और किसे वित्त विभाग मिलेगा, यह तय करना उनका काम है। महाराष्ट्र को सत्ता के लिए उनकी आपसी खींचतान में कोई दिलचस्पी नहीं है।’’ कांग्रेस नेता ने सरकार से अपने वादे पूरे करने की अपील की, जिसमें लाडकी बहिन योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये करना और किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ करना शामिल है।

प्रमुख खबरें

Kochi Car Accident केस में चार पुलिसकर्मी सस्पेंड, Commissioner बदलने के बाद जज को राहत

Bombay High Court से Imran Khan को राहत, Leave India नोटिस पर लगी रोक

Sensex में 905 अंकों का उछाल, Nifty 22900 के पार बंद

PNB Greater Noida शाखा में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, 16 शिकायतों पर FIR, 5 कर्मचारी सस्पेंड