By एकता | Sep 13, 2026
पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्री माहिरा खान के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। 41 साल की माहिरा दूसरी बार मां बनने वाली हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर इस खबर की जानकारी दी है।
माहिरा ने तस्वीर के साथ लिखा कि हम अपनी जिंदगी के लिए कई योजनाएं बनाते हैं, लेकिन आखिर में अल्लाह की योजना ही सबसे ऊपर होती है। उनकी इस खबर के बाद प्रशंसक काफी भावुक नजर आए और उन्हें आने वाले बच्चे के लिए शुभकामनाएं दीं।
माहिरा खान ने पहली बार टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान वह बेबी बंप के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने साड़ी पहनी थी और उनका लुक काफी चर्चा में रहा।
माहिरा ने एक बातचीत में अपनी दूसरी गर्भावस्था के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि इस बार का अनुभव पहली गर्भावस्था से काफी अलग और ज्यादा मुश्किल है।
माहिरा ने बताया कि जब वह पहली बार मां बनने वाली थीं, तब उनकी उम्र 24 साल थी। उस समय वह काफी उत्साहित थीं और उनकी सेहत भी अच्छी थी। उन्होंने बिना ज्यादा सोचे इस नए अनुभव को सहजता से स्वीकार किया था।
माहिरा ने बताया कि इस बार उन्हें कई तरह की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार उनका शरीर उन्हें वह काम करने की इजाजत नहीं देता, जो वह करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि उनके लिए इस बदलाव को अपनाना आसान नहीं रहा, क्योंकि वह हमेशा व्यस्त रहने, काम करने, सफर करने और एक साथ कई काम करने की आदी रही हैं।
माहिरा खान पहले से एक बेटे की मां हैं। उनके बेटे का नाम अजलान है, जिनका जन्म 2010 में हुआ था। अजलान उनके पूर्व पति अली अस्करी के साथ हुई पहली शादी से हैं।
माहिरा और अली अस्करी की शादी 2007 में हुई थी, लेकिन 2015 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2023 में माहिरा ने कारोबारी सलीम करीम से एक निजी शादी समारोह में शादी की। अब वह सलीम करीम के पहले बच्चे की मां बनने वाली हैं।