By एकता | Sep 13, 2026
गोवा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी और क्षेत्रीय दल गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन का नाम ‘गोवा फर्स्ट’ रखा है। इस नए गठबंधन के मैदान में आने से गोवा में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।
गठबंधन की घोषणा से पहले पूरे गोवा में आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के संयुक्त होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन पर लिखा था, “कांग्रेस और बीजेपी ने आपको दो बार धोखा दिया, तीसरी बार धोखा मत खाने दो।”
इस संदेश के जरिए कांग्रेस में हुई बड़ी बगावत पर निशाना साधा गया। 2019 में कांग्रेस के 15 में से 10 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2022 में कांग्रेस के 11 में से 8 विधायक बीजेपी में चले गए थे।
गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने बताया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। हालांकि, दल-बदल के मुद्दे पर उन्हें कोई साफ जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनकी पार्टी ने अलग रास्ता चुनने का फैसला किया। सरदेसाई ने कहा कि ‘गोवा फर्स्ट’ गैर-बीजेपी और गैर-कांग्रेस मोर्चे के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ेगा।
2022 के विधानसभा चुनाव में गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था। पार्टी ने फतोरदा सीट पर जीत हासिल की थी और विजय सरदेसाई खुद इस सीट से विधायक हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने पिछला विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था। पार्टी ने दक्षिण गोवा की बेनौलिम और वेलिम सीटों पर जीत दर्ज की थी। इन दोनों सीटों से वेंजी वीगस और क्रूज सिल्वा विधायक हैं।
गोवा में विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 से पहले होने हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के नए गठबंधन के सामने आने से राज्य में चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं।