Nishu और उनके पिता का बड़ा बयान, मामले को लेकर सामने आई कई अहम बातें

By एकता | Sep 04, 2026

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में गैर-जमानती एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं जोड़ दी हैं।

स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन

शुक्रवार को सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

निशु आजाद के पिता संजय आजाद ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने एफआईआर में संबंधित कानूनी धाराएं जोड़ने की उनकी मांग स्वीकार कर ली है। उनके मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की बात कही है। संजय आजाद ने कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस और संविधान पर पूरा भरोसा है।

निशु आजाद ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई में देरी का आरोप

सीजेपी एक्टिविस्ट निशु आजाद ने कहा कि वह इस मामले को लेकर अपने भाई चंद्रशेखर आजाद के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस के सामने अपनी मांगें और मामले से जुड़े पक्ष रखे।

निशु के मुताबिक, एफआईआर दर्ज हुए दो महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि उनकी मांग थी कि मामले में आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ी जाएं।

निशु ने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ गंभीर खतरा था, लेकिन एफआईआर में इन गंभीर धाराओं को शामिल नहीं किया गया। उनका कहना है कि इसी वजह से आरोपी खुलेआम घूम रहा था और अब उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ें: CJP Protest Case In Delhi | पुलिस ने FIR में जोड़ा SC/ST एक्ट, इन्फ्लुएंसर Swantantra Bhardwaj की जल्द होगी गिरफ्तारी

72 घंटे में गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया भरोसा

निशु आजाद ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनकी मांगों पर कार्रवाई शुरू करने का भरोसा दिया है और अब वह उम्मीद कर रहे हैं कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाएगी।

निशु ने यह भी कहा कि उन्हें सुरक्षा की जरूरत है क्योंकि उन्हें यह पता नहीं है कि कब और कहां उन पर हमला हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर बवाल! छात्रा का आरोप- 'स्वतंत्र भारद्वाज ने फोड़ा पिता का सिर', राहुल गांधी बोले- 'अमित शाह की पुलिस क्या कर रही है?'

सोशल मीडिया पर धमकियों को लेकर भी एफआईआर

निशु आजाद ने बताया कि सोशल मीडिया पर कथित तौर पर उन्हें गालियां देने और रेप की धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें काफी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है और धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस कदम उठा रही है।

फिलहाल, स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। वहीं, सीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

प्रमुख खबरें

पैसा कभी हमारे बीच नहीं आया: Bigg Boss 20 में Mahhi Vij के एलिमनी ठुकराने पर Jay Bhanushali का दिल जीतने वाला रिएक्शन

Mumbai Mayor के दफ्तर, Amitabh Bachchan के आवास और Diljit Dosanjh के शो पर बम हमले की धमकी

अरुणाचल सीमा तनाव पर PM Narendra Modi संसद को विश्वास में लें: Congress

UP MLC Election: फतेहपुर में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, Akhilesh Yadav ने BJP पर साधा निशाना