Mohammad Muizzu India Visit| भारत आने पर मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू का राष्ट्रपति भवन में हुआ औपचारिक स्वागत

By रितिका कमठान | Oct 07, 2024

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू एक बार फिर से भारत की यात्रा पर है। भारत आने के बाद सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मोहम्मद मुइज्जू का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर मालदीव के राष्ट्रपति और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद का स्वागत किया।

राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद के साथ नई दिल्ली में राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। महात्मा गांधी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, मुइज़्ज़ू ने राजघाट में आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए। भारत की पांच दिवसीय द्विपक्षीय यात्रा पर आए मुइज्जू आज राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति मुइज्जु मालदीव की प्रथम महिला के साथ रविवार को भारत की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर पहुंचे।

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री किरीटी वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। मुइज्जू राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। मुइज्जू ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की। मालदीव के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, "जयशंकर ने राष्ट्रपति का भारत में राजकीय दौरे पर स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। राष्ट्रपति डॉ. मुइज्जू ने आगमन पर उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।"

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बैठक में जयशंकर और मुइज्जू ने दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों को बढ़ावा देने और बनाए रखने पर विस्तार से बात की। दोनों पक्षों ने भारत सरकार द्वारा समर्थित वर्तमान पहलों की प्रगति की समीक्षा की तथा अतिरिक्त अवसरों की खोज पर चर्चा की, जिन्हें दोनों देश मालदीव की वर्तमान विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप पारस्परिक लाभ के रूप में देखते हैं। मालदीव के राष्ट्रपति ने प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद के साथ नई दिल्ली में रहने वाले मालदीव समुदाय के लोगों से भी बातचीत की।

बातचीत के दौरान, उन्होंने समुदाय की भलाई के बारे में पूछा, उनकी चिंताओं और चुनौतियों को सुना, और मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इस साल जून की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद मुइज़ू की यह दूसरी भारत यात्रा है।

प्रमुख खबरें

Eknath Shinde बोले Hospital में भी Sharad Pawar को सता रही किसानों और सूखे की चिंता

Delhi में प्रदूषण से राहत नहीं, 22 स्टेशनों पर AQI 400 पार और औसत 366 दर्ज

Bhopal में 2500 टन कचरा उठना शुरू, CM Mohan Yadav से बैठक के बाद राहत मिली

Hockey India के चुनाव और ओडिशा इकाई के नोटिस पर High Court ने लगाई रोक