Punjab में Congress कार्यकर्ताओं को Mallikarjun Kharge का संदेश, एकजुटता से ही मिलेगी पूरे देश में जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

संगरूर (पंजाब), चार नवंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव जीतती है तो वह सारा भारत जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत की शुरुआत पंजाब से होनी चाहिए और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। खरगे ने संगरूर में कांग्रेस की इंसाफ रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी तीखा हमला बोला और अरविंद केजरीवाल की पार्टी को भाजपा की ‘बी टीम’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम पंजाब जीतेंगे तो सारा भारत जीतेंगे, यह मेरा दावा है। जीत यहां से शुरू होनी चाहिए और इसके लिए हम सबको मिलकर रहना चाहिए।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि कई राज्यों और केंद्र में बैठी सरकारें वोट चोरी की सरकार हैं। इसी मुद्दे को लेकर वहां बहुत बड़ी रैली आयोजित की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश में स्थापित प्रमुख संस्थाओं को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि देश के लोगों को मतदान का अधिकार पंडित जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब आंबेडकर ने दिया था, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन कर 18 वर्ष के युवाओं को भी मताधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को प्रगतिशील और बेहतर राज्य बनाने का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

खरगे ने आरोप लगाया कि आप ने पहले दिल्ली को बर्बाद किया और अब पंजाब को भी बर्बाद कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ‘‘विजन’’ को पूरा करेगी। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद त्याग दिया और मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी।

इस मौके पर कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब के लोग चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे कांग्रेस को जीत दिला सकें। पायलट ने कहा कि संगरूर से पूरे पंजाब में सकारात्मक संदेश जाएगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

प्रमुख खबरें

Aneet Padda ने शेयर कीं 24वें बर्थडे की अनदेखी तस्वीरें, Ahaan Panday और Alia Bhatt संग दिए पोज

IIT खड़गपुर और IISER के शोध में मेघालय की गुफा से मिला 6,000 साल पुराने मॉनसून का रिकॉर्ड

उम्र बाधा नहीं, BWF World Tour Finals के लिए PV Sindhu ने किया क्वालीफाई

West Bengal: सुवेंदु अधिकारी ने प्रवासी कामगारों से घर लौटने का आह्वान किया, 125 दिन काम की गारंटी