By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 06, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्ष संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन जरूरी है कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, पैलेट गन के इस्तेमाल और आंसू गैस छोड़े जाने के मामले में सदन में आकर जवाब दें। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पिछले 15 दिनों से इस मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इससे बच रही है। खरगे ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बर्बरता की गई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि उन्होंने छात्रों को माफ कर दिया है, जबकि माफी मांगने की जरूरत छात्रों को नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को है। उनके मुताबिक, सरकार को अपनी गलती स्वीकार करते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों से माफी मांगनी चाहिए। खरगे ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि संसद सुचारु रूप से चले और गृह मंत्री सदन में आकर इस पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखें, ताकि संसद के माध्यम से देश की जनता को सरकार का जवाब मिल सके।
उन्होंने यह दावा भी किया कि विपक्षी सांसदों ने इस विषय पर राज्यसभा के सभापति से चर्चा की थी और सभापति ने भी सदन में गृह मंत्री के बयान की आवश्यकता का उल्लेख किया, लेकिन उन्हें भी बीच में टोका गया। खरगे ने आरोप लगाया कि जब भी वह सदन में बोलने के लिए खड़े होते हैं तो सत्ता पक्ष के सांसद शोर-शराबा करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि संसद की कार्यवाही बाधित हो रही है तो इसके लिए सरकार स्वयं जिम्मेदार है।