Mallikarjun Kharge ने Vande Mataram पर BJP को घेरा, कहा- गांधी और पटेल ने तय किया था यह रूप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 22, 2026

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल समेत राष्ट्रीय नेताओं ने तय किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या वंदे मातरम् के छोटे संस्करण को तय करने वाले राष्ट्रीय नेता भी राष्ट्रविरोधी थे। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाने का उसका फैसला राष्ट्रविरोधी है और ऐसा कानून की अनदेखी करते हुए अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए किया गया है।

उन सभी ने मिलकर यह फैसला किया और हम सभी 90 वर्ष से यही संस्करण गाते रहे हैं। उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान सवाल किया कि जब 90 वर्ष से कोई समस्या नहीं थी, तो अब यह मुद्दा क्यों उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा, आप (मोदी) गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आपने इसे क्यों नहीं गाया?

अब आपको प्रधानमंत्री बने 11-12 साल हो गए हैं, तो आपने अब तक इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं किया था? कई राज्यों में आपकी भाजपा की सरकारें हैं और आपके मुख्यमंत्री हैं, तो आपने वहां ऐसा क्यों नहीं किया? जब भी आपका मन होता है, आप नए मुद्दे ले आते हैं।

उन्होंने कहा, आप (मोदी/भाजपा) ने भी वर्षों तक इसे नहीं गाया, तो क्या आप भी देशद्रोही हैं? वे देश में ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। यह अच्छा नहीं है, देश के लिए अच्छा नहीं है।

हम रहें या न रहें, यह देश स्थायी है। इस देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।

प्रमुख खबरें

Odisha में पंडित Gopabandhu Das की 149वीं जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भाषा आपत्तिजनक है...जेडी वेंस की बंधुआ मजदूर वाली टिप्पणी पर भड़का भारत

PM Modi पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ Delhi के जनपथ पर उतरे 200 लोग

जेवर एयरपोर्ट का नाम अब नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा, CM योगी का ऐलान