Vijay Mallya ने Sitharaman से किया सवाल, पूछा- 6203 करोड़ बकाये की जगह 14131.6 करोड़ क्यों वसूले?

By नीरज कुमार दुबे | Dec 19, 2024

क्या सरकार ने भगोड़े कारोबारी विजय माल्या से ज्यादा वसूली कर ली है? यह सवाल इसलिए उठा है क्योंकि विजय माल्या ने कहा है कि वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और बैंकों के उन पर बकाया कर्ज से दो गुना से अधिक कर्ज वसूलने के लिए राहत की मांग करेगा। हम आपको बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में, कुर्क संपत्तियों से 14,130 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली किए जाने की जानकारी देने के बाद माल्या ने यह टिप्पणी की है। माल्या ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ''ऋण वसूली अधिकरण ने केएफए (किंगफिशर एयरलाइंस) का ऋण 1200 करोड़ रुपये ब्याज सहित 6203 करोड़ रुपये आंका है।’’ उन्होंने लिखा, ''वित्त मंत्री ने संसद में घोषणा की कि ईडी के जरिये बैंकों ने मुझसे 6203 करोड़ रुपये के ऋण के विरुद्ध 14,131.6 करोड़ रुपये वसूल लिए हैं और मैं अब भी एक आर्थिक अपराधी हूं।’’

इसे भी पढ़ें: सरकार ने विजय माल्या और नीरव मोदी से वसूले 22,000 करोड़, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बताया

माल्या ने लिखा, ''केएफए ऋणों के गारंटर के रूप में मैंने अपनी देनदारियों के बारे में जो कुछ भी कहा है, वह कानूनी रूप से सत्यापन योग्य है। फिर भी मुझसे न्याय ऋण के अतिरिक्त 8000 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई है।’’ उन्होंने दावा किया कि उन्हें किसी से समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, ''क्या कोई भी, यहां तक कि जो लोग मुझे खुलेआम गाली देते हैं, इस घोर अन्याय पर सवाल उठाएंगे?.....’’ माल्या ने लिखा, ''सरकार और मेरे कई आलोचक कहते हैं कि मुझे सीबीआई के आपराधिक मामलों का जवाब देना है। सीबीआई ने कौन से आपराधिक मामले दर्ज किए हैं?’’

कभी एक भी रुपया उधार न लेने और कोई चोरी नहीं करने का दावा करते हुए माल्या ने कहा, ‘‘ ...लेकिन केएफए ऋण के गारंटर के रूप में मुझ पर सीबीआई ने आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों सहित कई अन्य लोगों के साथ मिलकर धोखाधड़ी से आईडीबीआई बैंक से 900 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त करने का आरोप लगाया है, जिसे उनकी ऋण समिति और निदेशक मंडल द्वारा विधिवत अनुमोदित किया गया था। पूरा ऋण और ब्याज चुकाया गया। नौ साल बाद धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग का कोई निर्णायक सबूत क्यों नहीं है?’’ हम आपको बता दें कि भारत, ब्रिटेन से माल्या के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। माल्या ने पहले भी सार्वजनिक धन का 100 प्रतिशत चुकाने की पेशकश की थी, लेकिन आरोप लगाया कि बैंकों और सरकार ने उनके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी