By अनुराग गुप्ता | Mar 20, 2021
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रचार-प्रसार के बीच में सियासत गर्माती जा रही है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने लगे हैं। नंदीग्राम से चुनाव लड़ रही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने तो अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को गद्दार और मीरजाफर करार दिया है। जिस पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
आपको बता दें कि ममता दीदी ने शुभेंदु अधिकारी पर टिप्पणी की थी। ऐसे में उन्होंने ममता द्वारा की गई टिप्पणी को उनकी खींज बताया है। दरअसल, तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया और अब लगातार नंदीग्राम और उसके आस-पास के इलाकों में चुनावी रैलियों के माध्यम से भाजपा पर जमकर हमला बोल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में चुनाव होना है। ऐसे में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच अहम मुकाबले के लिए एक अप्रैल को वोटिंग होगी।