By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 24, 2023
हरियाणा में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान बजरंग दल के एक सदस्य की हत्या के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। नूंह में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर कथित रूप से पथराव के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। हिंसा पड़ोसी जिले गुरुग्राम में भी फैल गई थी। हिंसा में दो होम गार्ड और एक इमाम समेत छह लोगों की मौत हुई है। प्रदीप कुमार शर्मा गुरुग्राम के सोहना इलाके के एक समूह का हिस्सा थे, जिसने विहिप की यात्रा में भाग लिया था। जब वे सोहना में जावेद कॉलोनी की ओर लौट रहे थे, तो नूंह में सांप्रदायिक झड़प के कुछ घंटों बाद दंगाइयों ने उनकी कार पर पथराव किया।
आम आदमी पार्टी (आप) के स्थानीय नेता जावेद अहमद पर शर्मा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप नेता के खिलाफ आरोप की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। जावेद और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 148 (दंगा), धारा 149 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना), धारा 188 (एक लोक सेवक द्वारा विधिवत घोषित आदेश की अवज्ञा), धारा 302 (हत्या), धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत सोहना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।