देहरादून में RPF का फर्जी सहायक सुरक्षा आयुक्त बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

देहरादून, छह नवंबर उत्तराखंड के देहरादून में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने आरपीएफ का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब झाड़ने और ठगी करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शिवाला कलां निवासी स्मित कुमार को बृहस्पतिवार को डोईवाला क्षेत्र में लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के समीप जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया।

वह वहां आने-जाने वाले लोगों पर रौब झाड़ता हुआ ठगी और धोखाधड़ी करने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार में सवार एक व्यक्ति खुद को आरपीएफ का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम को कार के डैशबोर्ड पर एक पीकैप भी रखी मिली।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को रेलवे के मुरादाबाद मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त के पद पर तैनात बताया, लेकिन वह अपना पहचान पत्र नहीं दिखा सका। पुलिस टीम ने मुरादाबाद मंडल मुख्यालय से जानकारी ली तो पता चला कि वहां इस नाम का कोई अधिकारी तैनात नहीं है। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आरपीएफ का अधिकारी नहीं है।

उसने बताया कि कर्ज में डूबे होने के कारण वह लोगों पर रौब झाड़कर आसानी से पैसे कमाने के लिए फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही उसकी नीली बत्ती लगी कार, पीकैप और बैज भी जब्त कर लिए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Tanvi Patri ने Youth Olympics Badminton में Silver जीतकर रचा इतिहास, बनीं पहली भारतीय महिला

Yemen के Taiz में बाजार पर हुए हवाई हमलों में 20 लोगों की मौत, 15 घायल

Dhanteras पर सोने-चांदी की रिकॉर्ड बिक्री, 60000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान

CBI ने Future Retail के खिलाफ 904 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी का केस दर्ज किया