मणिपुर: दो पुलिसकर्मियों पर हमला, एक व्यक्ति के अपहरण के आरोप में मेइती संगठन के पांच सदस्य गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 16, 2025

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में दो पुलिसकर्मियों पर कथित हमले और इंफाल वेस्ट में एक व्यक्ति के अपहरण के आरोप में मेइती संगठन अरम्बाई तेंगोल के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को जिले की एक अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति के अपहरण में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान संचालित किया जा रहा है।

मेइती संगठन के एक अन्य सदस्य को 12 जून को ‘‘एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एक पुलिस कर्मी पर हमला’’ करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों पुलिसकर्मी नौ जून को उस समय घायल हो गए थे जब वे बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल बाजार में अरम्बाई तेंगोल द्वारा आहूत बंद का समर्थन करने आए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास कर रहे थे।

इस मामले के सिलसिले में संगठन के एक और सदस्य को 13 जून को गिरफ्तार किया गया था। मणिपुर में हाल में विरोध प्रदर्शन हुए थे और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया और इंफाल घाटी के कई जिलों में सुरक्षा बलों के साथ झड़प की। प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए गए अरम्बाई तेंगोल नेता कानन सिंह और चार अन्य की बिना शर्त रिहाई की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने सभी से विशेषकर युवाओं से, गैरकानूनी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल न होने का आग्रह किया था और कहा था कि ‘‘ऐसे व्यवहार में शामिल होने के कानूनी परिणाम हो सकते हैं जो किसी के भविष्य और करियर की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।’’ मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

प्रमुख खबरें

भारत-US Trade Deal पर तुरंत फैसले के आसार नहीं, Jamieson Greer ने बताई स्थिति

Houthi विद्रोहियों की मदद के आरोप में US ऊर्जा विभाग का इंजीनियर गिरफ्तार, FBI ने पकड़ा

Delhi Metro ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच बंद किए 11 स्टेशन, Rajiv Chowk पर इंटरचेंज चालू

CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ Jantar Mantar पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं, दिल्ली पुलिस ने लगाई BNSS 163