Manipur के Kangpokpi में उग्रवादियों ने वाहन पर किया हमला, 4 लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 27, 2026

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बृहस्पतिवार को सशस्त्र उग्रवादियों द्वारा घात लगाकर एक वाहन पर किये गये हमले में नगा समुदाय के कम से कम चार लोग मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मकुई अशांग और थाबंबा नगा इलाकों के बीच एक सुनसान जगह पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे उग्रवादियों ने घात लगाकर एक गाड़ी पर हमला किया, जिसमें चार लोग मारे गये एवं एक व्यक्ति घायल हो गया।

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान टैडसोंगबोउ रिंगकांगमाई (एक निजी विद्यालय के संस्थापक और प्राचार्य), एम विजुनमाई, अनिल विजुनमाई और विसोबोउ चारेनामाई (जो चावांगकिइनिंग विलेज अथॉरिटी के अध्यक्ष थे) के तौर पर हुई है। पांचों लियांगमई नगा समुदाय से थे। अधिकारियों ने कहा कि शवों को सेनापति ज़िला अस्पताल लाया जा रहा है।

इस हमले के बाद, ‘नगा पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन’ ने सेनापति ज़िला मुख्यालय शहर में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करवा दिया। यूएनसी ने शुक्रवार को राज्य के सभी नगा इलाकों में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक एक दिन के बंद की घोषणा की। इस हड़ताल से पर्वतीय जिलों में जनजीवन प्रभावित रहने की संभावना है।

मई 2023 से मणिपुर में घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी ज़िलों में रहने वाले कुकी लोगों के बीच हुई जातीय हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे गए हैं और 58,800 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। लगातार जातीय टकराव जारी रहने और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफा दे देने के बाद, 13 फरवरी 2025 को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। लगभग एक साल बाद चार फरवरी को राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया।

शुरुआत में, नगा समुदाय मेइती और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों से दूर रहा। हालांकि, इस साल हालात बदल गए और वे भी हिंसा की चपेट में आ गए। अधिकारियों के अनुसार, इस साल फरवरी से मुख्य रूप से कांगपोकपी और उखरुल ज़िलों में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में 20 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कुकी-बहुल ज़िले में चार नगा लोगों की हत्या के सिलसिले में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की। एक बयान में कहा गया, ‘‘सरकार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है... मुख्यमंत्री ने सुरक्षा अधिकारियों को अपराध में शामिल लोगों को पकड़ने और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।’’ बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अवैध हथियार रखने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ, उसके समुदाय की परवाह किए बिना, कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Nepal Floods में 288 भारतीय लापता, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

JP Nadda ने स्वास्थ्य बजट योजनाओं की समीक्षा की, 160 जिला अस्पताल मार्च 2027 तक सुधरेंगे

CM Vishnu Deo Sai ने Jashpur में शुरू की अंतरिक्ष संगवारी पहल, छात्रों को मिलेगी स्पेस ट्रेनिंग

Sehwag और Dravid की विरासत संभालेंगे बेटे, Aryavir Sehwag का Australia सीरीज के लिए India U-19 में चयन