छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने मशीनों, वाहनों और मोबाइल टावर में लगाई आग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 21, 2022

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सलियों ने अलग-अलग स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य में लगे पांच वाहनों और मशीनों, एक यात्री बस और चार मोबाइल टावर में आग लगा दी है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने पिछले महीने पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अपने दो साथियों-दर्शन पद्दा और जागेश सलाम की मौत के विरोध में मंगलवार को एक दिन के बंद का आह्वान किया है। उन्होंने अंतागढ़ क्षेत्र में कई स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाए हैं। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि रविवार रात और सोमवार तड़के नक्सलियों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों, मशीनों और मोबाइल टावर में आगजनी की।

इस घटना में टावर के नीचे रखी बड़ी बैटरियां पूरी तरह से जल गईं। सिन्हा के मुताबिक, नक्सलियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर कोयलीबेड़ा-मर्दा मार्ग और अंतागढ़-नारायणपुर राज्य राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों ने कई स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाए हैं, जिसमें उन्होंने नक्सली दर्शन पद्दा (32) और जागेश सलाम (23) की मौत के विरोध में 22 नवंबर को बंद का आह्वान किया है। नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने 31 अक्टूबर को परतापुर एरिया कमेटी के सचिव दर्शन पद्दा और रेकी टीम कमांडर जागेश सलाम को मुठभेड़ में मार गिराया था।

इसे भी पढ़ें: ओडिशा में बड़ा रेल हादसा, कई ट्रेनों के बदले रूट, CM पटनायक ने किया मुआवजे का ऐलान

पद्दा पर आठ लाख और दर्शन पर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के अनुसार, पद्दा पिछले कई वर्षों से उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय था और 39 नक्सली घटनाओं में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नक्सलियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस सीट पर उपचुनाव के लिए पांच दिसंबर को मतदान होना है।

प्रमुख खबरें

FIFA World Cup 2026 Schedule: Mexico में उद्घाटन मैच, जानें USA-Canada कब शुरू करेंगे अभियान

Delhi High Court का बड़ा फैसला, Vinesh Phogat के Asian Games Trials का रास्ता हुआ साफ।

रॉकेट नहीं, Elon Musk का Starlink बना SpaceX का कमाई इंजन, Financial Report में बड़ा खुलासा

अब Consumer को मिलेगा पूरा Fuel! केंद्र ने Petrol, CNG, Hydrogen पंपों की जांच के लिए जारी किए New Guidelines