बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 549 अंक उछला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2022

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स में 549 अंक से अधिक का उछाल आया। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में लिवाली से बाजार लाभ में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 549.62 यानी 0.94 प्रतिशत उछलकर 58,960.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 732.68 अंक तक चढ़ गया था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 175.15 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,486.95 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स शेयरों में 3.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सर्वाधिक लाभ में रहा। इसके अलावा आईटीसी, नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और लार्सन टुब्रो भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। सेंसेक्स के केवल पांच शेयर... एचडीएफसी लि., एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और सन फार्मा...नुकसान में रहे। इनमें 0.72 प्रतिशत तक की गिरावट आई। 

इसे भी पढ़ें: सेंसेक्स 390 अंक टूटा, बैंक, वित्तीय शेयर नुकसान में, निफ्टी 109.25 अंक की गिरावट के साथ बंद

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय बाजार ने अनुकूल वैश्विक और घरेलू संकेतकों से लाभ को बनाये रखा। कच्चे तेल के दाम में नरमी और कंपनियों के दूसरी तिमाही के परिणाम बेहतर रहने की संभावना से घरेलू स्तर पर सकारात्मक धारणा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक ने भी भरोसा जताया है कि सकल मुद्रास्फीति सितंबर में उच्च स्तर पर पहुंच गयी है और आने वाले समय में इसमें कमी आएगी। इससे वित्तीय बाजार में सकारात्मक संकेत गया और बैंक शेयर चढ़े।’’ रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार में हाल की तेजी का प्रमुख कारण वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख का होना है। कंपनियों के तिमाही परिणाम अभी तक मिले-जुले रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि प्रमुख क्षेत्रों की भागीदारी बारी-बारी होने से बढ़त को समर्थन मिलेगा। कारोबारियों को दैनिक आधार पर जोखिम प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए।’’ 

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी