Market Update: रुपया 14 पैसे टूटकर 90.92 प्रति डॉलर पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 19, 2026

अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 14 पैसे टूटकर 90.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 91 के स्तर को पार कर गया था। वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच विदेशी मुद्रा निकासी में तेजी से घरेलू मुद्रा दबाव में रही।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर नियंत्रण करने की उनकी योजना का विरोध करने पर यूरोपीय देशों पर शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके बाद निवेशक भी चिंतित हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.68 प्रति डॉलर पर खुला।

कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 91.01 के स्तर से नीचे चला गया था। अंत में यह डॉलर के मुकाबले 90.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे कम है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.78 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने बताया कि विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी और कमजोर घरेलू बाजारों से रुपये में लगातार चौथे सत्र में गिरावट आई। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति तथा ग्रीनलैंड पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से रुपये में गिरावट का रुख रहने का अनुमान है।

चौधरी ने कहा, ‘‘ डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 90.60 रुपये से 91.30 रुपये के बीच रहेगा।’’ इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.97 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 324.17 अंक यानी 0.39 प्रतिशत टूटकर 83,246.18 अंक पर जबकि निफ्टी 108.85 अंक यानी 0.42 प्रतिशत फिसलकर 25,585.50 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.53 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,346.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

Apple में Tim Cook युग का अंत, जानिए कौन हैं नए CEO John Ternus जो संभालेंगे कमान।

Laureus Awards: Madrid में Carlos Alcaraz का बड़ा सम्मान, बने Sportsman of the Year

Hansi Flick के आते ही Barcelona में बड़े बदलाव की आहट, नई Team बनाने का प्लान हुआ तैयार

Priyansh Arya की तूफानी Batting ने जीता दिल, दिग्गज Ashwin ने भी बांधे तारीफों के पुल