मेरीकाम का जलवा कायम, छठी बार विश्व चैम्पियन बनी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 24, 2018

नयी दिल्ली। भारतीय सुपरस्टार एम सी मेरीकाम (48 किग्रा) ने अपने अनुभव के बूते शनिवार को यहां केडी जाधव हाल में दसवीं महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के फाइनल में यूक्रेन की युवा हाना ओखोटा को 5-0 से पस्त कर रिकार्ड छठा स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला। ‘मैग्नीफिशेंट मेरी’ ने इस तरह क्यूबा के महान पुरूष मुक्केबाज फेलिक्स सेवोन की बराबरी कर ली जो विश्व चैम्पियनशिप में छह खिताब जीत चुके हैं। इससे पहले वह आयरलैंड की केटी टेलर के साथ बराबरी पर थी जो पांच बार विश्व चैम्पियन रह चुकी हैं। मेरीकाम ने खचाखच भरे स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। यह उनका विश्व चैम्पियनशिप में सातवां पदक है, इससे पहले वह पांच स्वर्ण और एक रजत जीत चुकी थी। 

मुकाबले के पहले राउंड में मेरीकाम ने दायें हाथ से सीधा तेज पंच लगाकर शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी को जरा भी मौका नहीं दिया और बीच बीच में तेजी से मुक्के जड़ते हुए पांचों जज से पूरे अंक हासिल किये। इस दौरान दोनों एक दूसरे के ऊपर गिर भी गयी थी। दूसरे राउंड में कोच की सलाह के बाद हाना ने आक्रामक होने की पूरी कोशिश की, पर पांच बार की विश्व चैम्पियन के सामने उनकी एक नहीं चली। हालांकि इसमें यूक्रेन की मुक्केबाज ने दायें हाथ से लगाये गये शानदार मुक्कों से कुछ बेहतरीन अंक जुटाये लेकिन वह मेरीकाम से आगे नहीं निकल सकीं। मेरीकाम ने अपनी चिर परिचित शैली में खेलते हुए जानदार पंच से विपक्षी का हौसला पस्त करना जारी रखा। जो तीसरे राउंड में भी जारी रहा। इसमें भी भारतीय मुक्केबाज का जलवा कायम रहा, उन्होंने दबदबा जारी रखते हुए तेजी से कई पंच विपक्षी मुक्केबाज के मुंह पर जमा दिये। ऐसा दिख रहा था कि विपक्षी मुक्केबाज उनके सामने निरूत्तर थी। उसने कई बार जोरदार मुक्कों से वापसी का प्रयास किया, लेकिन अनुभवी मेरीकाम के पास उनकी हर चाल का जवाब था।

प्रमुख खबरें

Mann Ki Baat में PM Modi का आत्मनिर्भर संदेश, सी-295 विमान से लेकर स्वदेशी जहाजों तक गिनाए Achievements

Venezuela Earthquake: तबाही के बीच फिर कांपी धरती, 1500 मौतों के बाद तीसरे झटके से दहला देश

Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 8 आरोपियों से अब तक 80 लाख कैश बरामद

नक्शे से मिटा देंगे, Donald Trump की धमकी के बाद US-Iran में ताबड़तोड़ Missile Attack