मयंक चक्रवर्ती ने इतिहास रचा, पूर्वोत्तर से पहले और भारत के 94वें ग्रैंडमास्टर बने

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 14, 2026

प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी मयंक चक्रवर्ती ने अपने उभरते करियर की आखिरी बाधा पार करते हुए अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल कर लिया, जिससे वह भारत के 94वें ग्रैंडमास्टर बन गए। वह के पूर्वोत्तर से यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। असम के गुवाहाटी के रहने वाले 17 वर्षीय चक्रवर्ती 2024 में इंटरनेशनल मास्टर बने थे।

आखिरी दौर में उन्होंने इंग्लिश इंटरनेशनल मास्टर जोना बी विलो के साथ एक रोमांचक ड्रॉ खेला और इस तरह अपने अब तक के सबसे यादगार प्रदर्शन पर मुहर लगा दी। इस प्रक्रिया में चक्रवर्ती ने 2500 ईएलको रेटिंग का अहम आंकड़ा भी पार कर लिया। उनकी मौजूदा रेटिंग इस सीमा से कुछ अंक ऊपर है जिससे अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के नियमों के अनुसार उनका ग्रैंडमास्टर खिताब पक्का हो गया है। चक्रवर्ती ने इस दौरान एक बाजी गंवाई, दो ड्रॉ खेले और बाकी छह बाजियां जीती।

इस तरह उन्होंने कुल नौ में से सात अंक हासिल किए। साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने नॉर्वे के एक्सेल बू क्वालॉय पर आधे अंक की बढ़त बनाई जिन्हें आखिरी दौर में वॉकओवर मिला था। चक्रवर्ती 2024 में इंटरनेशनल मास्टर बने थे और अपने आयु वर्ग के शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे हैं।

अंडर-11 वर्ग में भारत और एशिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी चक्रवर्ती के लिए 2021 का सत्र बेहद शानदार रहा। उस साल उन्होंने यूरोप में कई टूर्नामेंट खेले जिससे उनकी ईएलओ रेटिंग 1800 से बढ़कर 2200 के करीब पहुंच गई। साथ ही वह 2009 या उसके बाद जन्में खिलाड़ियों की ईएलओ रैंकिंग में दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी बन गए। उनकी असाधारण प्रतिभा की बदौलत वह अंडर-9 वर्ग में राष्ट्रीय रजत पदक और अंडर-11 वर्ग में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।

इसके अलावा उन्होंने श्रीलंका में आयोजित एशियाई युवा शतंरज चैंपियनशिप में अंडर-10 वर्ग का रजत पदक भी जीता था। उनकी सफलता में उनके परिवार की अहम भूमिका रही है जिसमें उनकी डॉक्टर मां उनके लिए स्तंभ बनीं जबकि उनके पिता ने टूर्नामेंट के दौरान उनके साथ सफर करने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी।

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway बस हादसे पर Allahabad High Court सख्त, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा