हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी से उतरें कार्यकर्ता: मायावती

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 20, 2022

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बुधवार को अपने कार्यकर्ताओं से हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतरने का आह्वान किया। उप्र के वर्तमान हालात का उल्लेख करते हुए मायावती ने कहा कि बात-बात पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) जैसी गंभीर धाराओं में लोगों की गिरफ्तारी व परिवारों का उत्पीड़न दमन का नया सरकारी तरीका बन गया है ताकि अपराध-नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के मामले में विफलताओं पर पर्दा डाला जा सके। मायावती ने बसपा की हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व पंजाब इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मायावती ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों ही राज्यों में बसपा को अपनी पूरी तैयारी करके चुनाव मैदान में उतरना है तथा पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करना है।’’ 

इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ और उप्र पुलिस के बीच खींचतान पर मायावती ने जताई चिंता, कहा- भड़काऊ भाषण, फेक न्यूज गंभीर मुद्दे

उन्होंने कहा कि खासकर जम्मू-कश्मीर के मामले में सरकार का दावा है कि वहां के हालात पहले से काफी बेहतर व काफी सामान्य हो गए हैं। बसपा प्रमुख ने कहा कि अब तो केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन की तैयारी कर रही है। बयान में मायावती के हवाले से कहा गया, ‘‘इसलिए, इसके प्रमाण के रूप में जरूरी है कि वहां विधानसभा का चुनाव कराकर लोकतंत्र की यथाशीघ्र बहाली की जाए। इससे लोगों में नया विश्वास आएगा तथा सरकार के दावों को बल मिलेगा।’’ बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के वर्तमान हालात का उल्लेख करते हुए मायावती ने कहा कि बात-बात पर एनएसए जैसी गंभीर धाराओं में लोगों की गिरफ्तारी व परिवारों का उत्पीड़न दमन का नया सरकारी तरीका बन गया है ताकि अपराध-नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के मामले में अपनी विफलताओं पर पर्दा डाला जा सके, यह घोर अनुचित है। उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, मामूली बात पर व गैर-जरूरी होने के बावजूद भी लोगों की गिरफ्तारी कर लिए जाने आदि की गलत सरकारी नीतियों से पूरे प्रदेश में भय व आतंक का माहौल है, जबकि सत्ताधारी पार्टी से अपने आपको जोड़ने वाले आपराधिक तत्व बेखौफ घूम रहे हैं। ऐसे में अपराध नियंत्रण व कानून का राज कैसे संभव है? कानून का खौफ सभी अपराधियों में होना चाहिए।’’ 

प्रमुख खबरें

विरासत के अध्ययन के लिए भारत अब किसी की अनुमति का मोहताज नहीं: Nirmala Sitharaman

Womens Asia Cup: भारतीय महिला टीम ने Pakistan को 7 विकेट से हराया

Bihar Flood: गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पार, 11 जिलों में 16 लाख लोग बेहाल

UP में बाढ़ का असर घटा, अब केवल 14 जिले प्रभावित: CM Yogi Adityanath