BRICS Summit 2026: दिल्ली में स्वच्छता और आवारा पशु नियंत्रण के लिए एमसीडी का विशेष अभियान शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 01, 2026

स्वच्छता और आवारा पशुओं पर नियंत्रण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले पूरी दिल्ली में बड़े स्तर पर सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। अधिकारियों को शिखर सम्मेलन के प्रमुख आयोजन स्थलों और उन सड़कों को विशेष रूप से चमकाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे होकर विदेशी प्रतिनिधिमंडल गुजरेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला 27 अगस्त को हुई समीक्षा बैठक में लिया गया।

इसे भी पढ़ें: ब्रिक्स सम्मेलन के कारकेड रिहर्सल से दिल्ली की 35 से अधिक सड़कों पर मंगलवार को बदलेगा ट्रैफिक

एमसीडी ने सम्मेलन के आयोजन स्थलों और प्रतिनिधिमंडलों के आने-जाने वाले मार्गों से आवारा मवेशियों, कुत्तों और बंदरों को दूर रखने के लिए 24 घंटे काम करने वाले विशेष पशु नियंत्रण दस्ते भी गठित किए हैं। नगर निगम के दलों को एक से 13 सितंबर के बीच प्रमुख आयोजन स्थलों और महत्वपूर्ण मार्गों पर गहन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित होना है।

अभियान के तहत दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों को विशेष रूप से सजाने-संवारने पर जोर दिया जा रहा है। इनमें राजघाट, भारत मंडपम, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, कमल मंदिर और सुंदर नर्सरी जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसके अलावा साउथ एक्सटेंशन जैसे खरीदारी के बड़े केंद्र भी निगम की प्राथमिकता में हैं।

इसे भी पढ़ें: BRICS Summit के कारण Delhi में Luxury Hotels के किराये में भारी उछाल, एक रात का रूम रेट पहुंचा लाखों के पार

इस कायाकल्प के तहत एमसीडी का ध्यान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, निर्माण कार्यों से निकले मलबे को हटाने और आयोजन स्थलों के आसपास मौजूद सार्वजनिक शौचालयों को साफ एवं उपयोग के योग्य बनाने पर रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम कर्मचारियों को खाली-बदहाल हिस्सों को हरित क्षेत्रों में बदलने, सजावटी फूलों के गमले लगाने, खराब स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत करने और प्रमुख स्थलों के आसपास सजावटी रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा, ‘‘आठ से 10 सितंबर तक राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में आयोजित होने वाले ब्रिक्स बाजार कार्यक्रम पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।’’ एमसीडी की प्रवर्तन टीम 24 घंटे काम करेंगी।

इसे भी पढ़ें: पुतिन को मिला पीएम मोदी का 'सीक्रेट' मैसेज, दुनिया में मची सनसनी! रूस की धरती से जयशंकर का बड़ा बयान

प्रमुख सड़कों से अवैध रेहड़ी-पटरी और अनधिकृत होर्डिंग हटाने के साथ-साथ अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को इलाकों में लगातार गश्त करने के लिए कहा गया है, ताकि अतिक्रमण दोबारा न हो सके। सरकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को भी सम्मेलन के दौरान मच्छरों से होने वाली बीमारियों का खतरा कम करने के लिए फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

एमसीडी आयुक्त ने अधिकारियों को पूरे अभियान की ‘‘काम से पहले और काम पूरा होने के बाद’’ की तस्वीरें लेने और उनका रिकॉर्ड रखने का भी निर्देश दिया है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि काम में देरी या किसी भी तरह की लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

प्रमुख खबरें

कच्चे तेल में उछाल से शेयर बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स 13 और निफ्टी 25 अंक फिसला

जवाब जिनका नहीं (व्यंग्य)

Telangana में अघोषित आपातकाल! BJP बोली - कांग्रेस सरकार कर रही लोकतंत्र का गला घोंटने का काम

Guru Ramdas Death Anniversary: 30 रागों में रचे 638 शब्द, सिखों के चौथे गुरु ने कैसे रखा Amritsar का आधार