By अंकित सिंह | Dec 02, 2022
दिल्ली में योगा क्लासेस को लेकर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति लगातार जारी है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी युवक क्लास का मुद्दा उठा रहा है। आम आदमी पार्टी लगातार भाजपा पर इसे रुकवाने का आरोप लगा रही है। इन सब के बीच चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दांव खेला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि जब तक आपका यह भाई जिंदा है, योगा होगा। उन्होंने उपराज्यपाल पर योगा क्लासेस को रुकवाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि आप जिसे मर्जी वोट दे देना, लेकिन योगा होकर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दिल्ली में योगा क्लासेस बंद नहीं होंगी। चंदा करके योगा ट्रेनर्स को सैलरी देने की बात भी कही गई है।
एमसीडी चुनाव में आप की भारी जीत होगी: सिसोदिया का दावा
इससे पहले सिसोदिया ने दावा किया था कि एमसीडी चुनाव में आप की भारी जीत होगी। उन्होंने कहा था कि यदि आम आदमी पार्टी (आप) नगर निकाय चुनाव जीतती हैं तो कचरा स्थलों (लैंडफिल) को साफ करना, बाजारों का पुनर्विकास, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना एवं समय से वेतन का भुगतान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे मोहल्ला सभा के तौर पर काम करेंगे, जिस अवधारणा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित नगर निगमों ने स्वीकार नहीं किया था। सिसोदिया ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी चार दिसंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में भारी जीत हासिल करेगी और मतदाता भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को देख सकते हैं।