By अभिनय आकाश | Oct 16, 2026
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मुंबई में भारतीय सरकारी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मुलाकात पर तंज कसा था। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि नई दिल्ली के अलावा अन्य शहरों में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी करना एक स्थापित परंपरा रही है। मंत्रालय ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के साथ-साथ मार्को रुबियो के साथ उनकी मुलाकातें शामिल हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा पिछले एक दशक से भारत के अलग-अलग शहरों में समय-समय पर विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी करने की परंपरा रही है।" मंत्रालय ने कई ऐसे उदाहरण दिए जब भारत ने राष्ट्रीय राजधानी के बाहर विदेशी नेताओं और अधिकारियों की मेजबानी की।
शुक्रवार को 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है। बेहतर होगा कि आप ही स्पष्ट कर दें। या फिर, अगर आप चाहें तो मैं भी बता सकता हूँ। राहुल गांधी की यह टिप्पणी, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने 'ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम' के एक सत्र के दौरान रुबियो की आगामी यात्रा के बारे में जानकारी दी थी। सर्जियो गोर ने बताया कि रुबियो मुंबई में भारतीय सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही, दिल्ली से आने वाले अन्य अधिकारियों के साथ विदेश मंत्री जयशंकर के भी इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।