विदेशी वक्ताओं के Visa रद्द होने पर MEA का बयान, फैसले को सरकार का संप्रभु अधिकार बताया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

विदेश मंत्रालय ने हैदराबाद में होने वाले ‘भारत समिट’ से पहले नॉर्वे की पत्रकार हेले लाइंग समेत कई विदेशी वक्ताओं के वीजा रद्द होने या उन्हें वीजा देने से इनकार किए जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि वीजा से जुड़े मामले किसी भी सरकार के ‘‘संप्रभु अधिकार’’ के तहत आते हैं। लाइंग ने मई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर भारतीय पक्ष से एक सवाल पूछा था, जिसके बाद वह कुछ समय तक मीडिया में चर्चा में रही थीं। खबरों के मुताबिक, उन्हें हैदराबाद में होने वाले सम्मेलन में एक परिचर्चा में संबोधन देना था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में इस बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘वीजा से जुड़े मामले किसी भी देश या सरकार के संप्रभु अधिकार के तहत आते हैं। मुझे इस बारे में बस इतना ही कहना है।’’ जायसवाल से इन दावों के बारे में पूछा गया था कि सरकार ने ‘भारत समिट’ में आमंत्रित 100 से अधिक विदेशी मेहमानों के वीजा आवेदन खारिज कर दिए या उनके वीजा रद्द कर दिए, जबकि 300 से अधिक अन्य लोगों को मंजूरी दी गई। कांग्रेस ने 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में ‘भारत समिट’ का आयोजन किया है।

नॉर्वे की स्वतंत्र पत्रकार लाइंग ने कहा कि उन्हें समिट में शामिल होना था और संबोधन भी देना था। लाइंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गृह मंत्री अमित शाह से प्रत्यक्ष रूप से सवाल किया कि नॉर्वे में भारतीय दूतावास द्वारा जारी किया गया उनका वीजा हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से कुछ मिनट पहले क्यों रद्द कर दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाह उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत आने की अनुमति देंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भारत का वीजा मिला था और आज सुबह हैदराबाद में ‘भारत समिट’ में शामिल होने के लिए रवाना होना था। मुझे मीडिया के भविष्य और प्रेस की स्वतंत्रता पर एक परिचर्चा में वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन गृह मंत्रालय में ऊपर से आए आदेशों के कारण मेरा वीजा रद्द कर दिया गया। अमित शाह के लिए मेरा संदेश यह है।’’ इसके बाद उन्होंने शाह से सवाल किया कि उनका वीजा क्यों रद्द किया गया।

कांग्रेस ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया कि सरकार सवालों से क्यों डरती है। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट में कहा था, ‘‘आपको याद होगा कि नॉर्वे में एक पत्रकार ने मोदी से सवाल पूछा था और मोदी वहां से जाते हुए नजर आए थे। अब वही पत्रकार हेले लाइंग तेलंगाना में आयोजित हो रहे ‘भारत समिट’ में शामिल होने वाली थीं, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनका वीजा रद्द कर दिया गया।’’

प्रमुख खबरें

Manipur के Ukhrul में दो गाड़ियों पर उग्रवादियों का हमला, चार नगा नागरिकों की मौत

Pakistan से पिछली 151 रन की हार का बदला लेने उतरेगी Team India, U19 Asia Cup का महामुकाबला

UP Congress में काम न करने वाले जिला और शहर अध्यक्ष बदले जाएंगे, Rajendra Pal Gautam की चेतावनी

IPL से पहले RR और LSG में Mohammed Shami और Sam Curran के ट्रेड पर बातचीत