मीडिया शख्सियत एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष Ramoji Rao का निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 08, 2024

हैदराबाद। मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का शनिवार सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। समाचारपत्र ‘ईनाडु’ से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राव को सांस लेने में परेशानी के कारण पांच जून को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज सुबह चार बजकर 50 मिनट पर उनका निधन हो गया। राव के पार्थिव शरीर को शहर के बाहरी इलाके में स्थित रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर लाया गया। 

मोदी ने कहा कि अपने उल्लेखनीय प्रयासों के माध्यम से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए। प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा ,‘‘ रामोजी राव गारू में भारत के विकास को लेकर जुनून था। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनसे बातचीत करने और उनके ज्ञान से लाभ उठाने के कई अवसर मिले। इस कठिन समय में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’ 

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और कई अन्य नेताओं ने रामोजी राव के निधन पर शोक व्यक्त किया। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामोजी राव ने जिस भी क्षेत्र में काम किया उसमें एक मानक स्थापित किए। उन्होंने कहा कि तेलुगु और संस्कृति के लिए रामोजी राव की सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने राव के निधन को तेलुगु समाचार पत्र और मीडिया जगत के लिए ‘‘बड़ी क्षति’’ करार दिया। 

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि रेड्डी दिल्ली में हैं और उन्होंने राज्य की मुख्य सचिव शांति कुमारी को रामोजी राव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान से कराने का निर्देश दिया है। तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रामोजी राव ने तेलुगु लोगों के जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि रामोजी राव का निधन न केवल राज्य के लिए बल्कि देश के लिए भी एक क्षति है। 

केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने कहा कि रामोजी राव ने मूल्यों को बरकरार रखते हुए मीडिया जगत में नए मानक स्थापित किए और कई सुधार किए। मश्हूर अभिनेता चिरंजीवी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रामोजी राव एक ऐसे पर्वत की तरह थे जो कभी किसी के आगे नहीं झुके। रामोजी राव के परिवार में पत्नी और एक बेटा है।

प्रमुख खबरें

Vivo T5 Pro 5G हुआ India में Launch, जानें दमदार Camera और प्रोसेसर वाले फोन का Price.

Snapchat को डबल झटका: 20% कर्मचारियों की छंटनी, Perplexity AI संग Mega Deal भी हुई कैंसिल।

महंगाई का डबल Attack! Wholesale Inflation 3 साल के शिखर पर, Crude Oil ने बढ़ाई टेंशन

US-Iran टेंशन में कमी के संकेत, Global Cues से भारतीय बाजार में बहार, Sensex 1200 अंक उछला।