ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय की मेडिकल छात्रा ने की आत्महत्या, दो प्रोफेसर हिरासत में लिए गये

By रेनू तिवारी | Jul 19, 2025

ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में बीडीएस द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ने सोमवार को कथित तौर पर संकाय सदस्यों द्वारा उत्पीड़न के कारण आत्महत्या कर ली। यह घटना नॉलेज पार्क पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विश्वविद्यालय परिसर में हुई। इस मामले में उसे प्रताड़ित करने के आरोप में डीन समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके दो प्रोफेसर को हिरासत में लिया गया है।

दो प्रोफेसर हिरासत में लिए गये

कुमार ने बताया कि गुरुग्राम निवासी ज्योति के पिता रमेश जांगड़ा ने विश्वविद्यालय के डीन डॉक्टर एम सिद्धार्थ और प्रोफेसर सैरी मैडम, महेंद्र, अनुराग अवस्थी एवं सुरभि के अलावा एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रमेश का आरोप है कि इन लोगों के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार एवं धमकाए जाने के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या की। थाना प्रभारी ने बताया कि रमेश के अनुसार ज्योति ने उसके साथ दुर्व्यवहार होने के बारे में उन्हें बताया था और उन्होंने कॉलेज में आकर इस बारे में डीन एवं अन्य लोगों से बातचीत की थी।

रमेश ने कहा कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि ज्योति के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार देर रात उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उनकी बेटी के साथ कमरे में रहने वाली एक अन्य छात्रा ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला।

ग्रेटर नोएडा पुलिस को घटना की सूचना दी

रमेश ने दावा किया कि उन्होंने रात में ग्रेटर नोएडा पुलिस को घटना की सूचना दी लेकिन कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को भी सूचित नहीं किया था। उन्होंने कहा कि छात्रा ने मरने से पूर्व एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने कॉलेज प्रशासन के लोगों को आरोपी ठहराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो प्रोफेसर महेंद्र एवं सैरी मैडम को हिरासत में लिया गया है।

शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने कहा- जांच की जा रही है

शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी के गुप्ता ने कहा कि मामले की विश्वविद्यालय के स्तर पर आंतरिक जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में डीन ने उन्हें बताया कि छात्रा ने अपने एक ‘टेस्ट’ की कॉपी में प्रोफेसर के फर्जी हस्ताक्षर किए थे जिसे लेकर उसे टोका गया था और उसके परिजनों को भी बुलाकर यह बात बताई गई थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन इस मामले की जांच में पुलिस की पूरी मदद करेगा।

प्रमुख खबरें

पूर्व PM Manmohan Singh की जयंती पर Mallikarjun Kharge ने दी श्रद्धांजलि, आर्थिक सुधारों को सराहा

Asian Games Squash: Joshna Chinappa और सेंथिलकुमार को मिक्स्ड डबल्स में मिला कांस्य पदक

CEC Gyanesh Kumar पर कांग्रेस के आरोप, Supreme Court से स्वतः संज्ञान लेने की मांग

Prashant Kishor की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका! उम्मीदवार बनने के 24 घंटे भीतर भूषण झा का इस्तीफा, अब लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव