Meerut Police ने सैन्य शिविर पर आत्मघाती हमले की साजिश रचने वाले उजैद को किया गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने सेना के शिविर पर ‘फिदायीन’ (आत्मघाती) हमला करने की साजिश रचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने रिजर्व पुलिस लाइन में संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान मेरठ के बुनियापाड़ा निवासी उजैद (22) के रूप में हुई है।

उजैद पाकिस्तान समर्थित ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसे कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर कथित तौर पर भारत विरोधी सामग्री देखता था और पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर से प्रभावित था।

पुलिस ने बताया कि उजैद जम्मू निवासी मोहम्मद साजिद के संपर्क में था। दोनों पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के समर्थन वाले ऑनलाइन नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। इस नेटवर्क पर भारत में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर सैन्य ठिकानों पर आत्मघाती हमले के लिए तैयार करने का आरोप है।

यह मामला 24 नवंबर 2025 को सामने आया था, जब आतंकवादी गतिविधियों के संबंध में जम्मू के बहू फोर्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद साजिद को गिरफ्तार किया गया था। साजिद की गिरफ्तारी के बाद जम्मू और मेरठ पुलिस ने जनवरी 2026 और फिर फरवरी 2026 में उजैद की तलाश में मेरठ में संयुक्त छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार हो गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उजैद के फरार होने के बाद मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक (शहर) के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को कोतवाली थाना क्षेत्र के गहलोत रोड से गिरफ्तार किया गया। वह 10 महीने से फरार था।

इस दौरान वह कभी अपने मामा के यहां तो कभी किसी अन्य स्थान पर ठहरता था।’’ पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उजैद ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर कथित तौर पर भारत विरोधी सामग्री देखने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, ‘‘वह मौलाना मसूद अजहर (पाकिस्तानी आतंकवादी), तारिक मसूद और इसरार अहमद के वीडियो भी देखता और उनके भाषण सुनता था।’’ पुलिस ने बताया कि वह भड़काऊ ऑडियो क्लिप हासिल करता था और फिर उन्हें किशोरों के साथ साझा कर उन्हें नेटवर्क से जोड़ने तथा जिहाद के लिए उकसाने की कोशिश करता था। पुलिस के मुताबिक, साजिद के एक वीडियो पर ‘हम भी तैयार हैं’ टिप्पणी करने के बाद उजैद उसके संपर्क में आया था।

पुलिस ने दावा किया कि दोनों ने नवंबर 2025 में सेना के एक बड़े शिविर पर ‘फिदायीन’ हमला करने की साजिश रची थी। इस साजिश के तहत साजिद को ठिकाने की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि उजैद को हथियार और विस्फोटकों से भरी जैकेट जुटानी थी। पुलिस ने यह भी दावा किया कि गुरेज घाटी के रास्ते हथियार पहुंचाने और प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की योजना थी।

हालांकि, साजिद की गिरफ्तारी के बाद यह योजना अमल में नहीं आ सकी। पुलिस ने बताया कि दोनों इंस्टाग्राम और ‘सेशन’ मैसेजिंग ऐप पर ‘ट्यूशन-40’, ‘ब्रिगेड’ और ‘अल-मुजाहिद’ नाम से ऑनलाइन समूह चला रहे थे। इन समूहों के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने का आरोप है।

पुलिस का दावा है कि उजैद इन समूहों के संचालन में अहम भूमिका निभाता था और इंस्टाग्राम, सेशन तथा सिग्नल ऐप के जरिए साजिद के संपर्क में रहता था। पुलिस ने बताया कि साजिद के खिलाफ जम्मू के बहू फोर्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(3) (आतंकवादी कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मेरठ पुलिस ने बताया कि उजैद की गिरफ्तारी की सूचना जम्मू पुलिस को दे दी गई है और वहां की पुलिस उससे पूछताछ के लिए मेरठ पहुंच रही है।

पुलिस कथित आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

प्रमुख खबरें

Pope Francis Diary: शैतान के हमले और नरक के दृश्य, निजी डायरी में दर्ज हुए अनसुने राज

कार्तिगई दीपम तो जला लेकिन वहां नहीं, जहां सुप्रीम कोर्ट ने दिया था आदेश

Delhi Air Quality: मंगलवार को 227 रहा AQI, छावनी क्षेत्र में हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित

Vehicle Scrappage नियमों में संशोधन से Auto Companies को 25,000 करोड़ की राहत