By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 29, 2026
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद और उसके आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा गश्त बढ़ा दी गई है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया। पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के ऊपरी हिस्से में करीब एक महीने पहले निर्माण कार्य कराया जा रहा था। स्थानीय व्यापारियों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था और इसी घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो प्रसारित हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और क्षेत्र की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।