मेघालय : मुख्यमंत्री के कार्यालय पर हमला मामले में गिरफ्तार 18 लोगों में भाजपा पदाधिकारी भी शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 25, 2023

पश्चिम मेघालय के तुरा शहर में मुख्यमंत्री के कार्यालय पर हमला मामले में संलिप्तता के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा की दो पदाधिकारियों समेत कम से कम 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने सोमवार रात को भवन पर हमला करने के लिए भीड़ को उकसाने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं की धरपकड़ के लिए तलाश शुरू कर दी है। हमला उस वक्त हुआ जब मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा (एसीएचआईके) और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी (जीएचएसएमसी) के नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे, जो तुरा को पूर्वोत्तर राज्य की शीतकालीन राजधानी बनाने की अपनी मांग पर दबाव डाल रहे थे। हमले के बाद आगजनी और तोड़फोड़ की गई।

पुलिस ने कहा कि शीतकालीन राजधानी की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारियों में काफी संख्या में बाहरी लोग भी शामिल हो गए जिन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यालय पर पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिला उपायुक्त जगदीश चेलानी ने घटना के बाद सोमवार रात को तुरा शहर में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया और जिला प्रशासन कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हालात के मद्देनजर तुरा नगरपालिका क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों को एहतियात के तौर पर बंद करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, दुकानें खुली रहीं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही देखी गयी।

प्रमुख खबरें

Texas University को भारतीय मूल के दंपति ने दिया 2 करोड़ Dollar का दान

Pithori Amavasya 2026: संतान सुख और Pitra Dosh मुक्ति के लिए आज जरूर करें Shubh Muhurat में पूजा

Amruta Fadnavis ने Manoj Jarange को भाई बताकर घर पर भोजन के लिए बुलाया

BRICS Summit में UNSC सुधार और बहुध्रुवीय व्यवस्था पर Antonio Guterres देंगे जोर