By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
जम्मू, नौ नवंबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू के नेहरू मार्केट के गोदाम क्षेत्र में आग से प्रभावित कारोबारियों के लिए केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि आग के कारण 200 से 300 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। जम्मू के बिक्रम चौक इलाके में स्थित ऐतिहासिक नेहरू मार्केट शहर के सबसे पुराने व्यावसायिक केंद्रों में से एक है।
यहां खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं का थोक कारोबार होता है। रविवार रात लगी आग में कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। बताया जाता है कि आग एक दुकान से शुरू हुई और तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई।
वहां बड़ी मात्रा में खाद्य तेल मौजूद होने के कारण आग और भड़क गई। महबूबा ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, मेरा अनुमान है कि नुकसान कम से कम 200 से 300 करोड़ रुपये का है, क्योंकि गोदाम क्षेत्र जम्मू के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार को शिव मार्केट और नेहरू मार्केट के गोदाम क्षेत्र सहित प्रभावित बाजारों को फिर से खड़ा करने के लिए मिलकर योजना बनानी चाहिए या विशेष पैकेज देना चाहिए, ताकि व्यापारी अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मैं सरकार से अपील करती हूं कि वे बिना किसी राजनीति के इन कारोबारियों को हरसंभव सहायता दें, ताकि वे अपना कारोबार फिर शुरू कर सकें और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें। पीडीपी प्रमुख ने कहा कि कई कारोबारियों ने कर्ज लेकर और परिवार के गहने बेचकर अपना कारोबार खड़ा किया था। उन्होंने चिंता जताई कि बीमा से भी नुकसान की पूरी भरपाई होना मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि इतने बड़े नुकसान की भरपाई कैसे होगी। लोग कर्ज लेकर और यहां तक कि परिवार के गहने बेचकर कारोबार शुरू करते हैं। सभी के पास बीमा नहीं है और जिनके पास बीमा है, वहां भी इतनी बड़ी क्षति की भरपाई के लिए पर्याप्त राशि मिलना मुश्किल हो सकता है।
इससे पहले दिन में उन्होंने आग से प्रभावित इलाके का दौरा किया और इसे भयावह अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों के लिए दिवाली की रात अंधेरी और डरावनी रात में बदल गई। उन्होंने कहा कि त्योहार के मौसम में आग लगने की आशंका को देखते हुए बाजारों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए थे।
उन्होंने कहा था, ये आम लोग हैं, बड़े कारोबारी नहीं हैं...। पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान महबूबा मुफ्ती ने 25 अक्टूबर को शिव रेलवे मार्केट में लगी आग की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस घटना से प्रभावित कारोबारी अब भी सरकारी सहायता का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों से आग की ताजा घटना से प्रभावित लोगों को समय पर मदद मुहैया कराने का आग्रह किया। महबूबा ने अग्निशमन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दमकल गाड़ियां देर से पहुंचीं और शुरुआत में भेजे गए वाहन इतनी बड़ी आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त नहीं थे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अग्निशमन पाइप में पानी का दबाव कम होने से आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए। पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि आग से केवल दुकानदार ही नहीं, बल्कि इन प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दुकानों में करीब 10 से 12 लोग काम करते थे और इस घटना के बाद उनकी आजीविका छिन गई है।
उन्होंने कहा, जम्मू पहले से ही बेरोजगारी की समस्या का सामना कर रहा है। इन दुकानों में काम करने वाले लोग भी बेरोजगार हो गए हैं और उनके परिवार उनकी कमाई पर निर्भर हैं। नेहरू मार्केट के गोदाम क्षेत्र में लगी आग दो सप्ताह से कुछ अधिक समय में जम्मू में आग लगने की दूसरी बड़ी घटना है।
इन घटनाओं में जम्मू के दो प्रमुख बाजार जलकर खाक हो गए हैं। शिव मार्केट में 25 अक्टूबर की रात भीषण आग लगी थी, जो 26 अक्टूबर की सुबह तक जारी रही। इस आग में कम से कम 40 दुकानें जल गई थीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी।