By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 04, 2026
श्रीनगर, चार अक्टूबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने में लद्दाख की एकजुटता से सीख लेने की अपील की। उन्होंने सभी दलों से एकजुट होकर क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को केंद्र के समक्ष संयुक्त रूप से उठाने का आह्वान किया। महबूबा ने कहा, ‘‘हमें लद्दाख से सबक लेना चाहिए कि वे किस तरह अपनी मांगों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हुए।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर अकेले काम करने वाले अलग-अलग राजनीतिक दलों के जरिए अपनी चुनौतियों का समाधान नहीं कर सकता।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उन्होंने पहले ही सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को पत्र लिखा है और नेशनल कॉन्फ्रेंस को छोड़कर सभी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।