माइक्रोन गुजरात में लगाएगी 2.75 अरब डॉलर का सेमीकंडक्टर संयंत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2023

 कंप्यूटर चिप बनाने वाली कंपनी माइक्रोन गुजरात में अपना सेमीकंडक्टर असेंबली एवं परीक्षण संयंत्र लगाएगी जिस पर कुल 2.75 अरब डॉलर (लगभग 22,540 करोड़ रुपये) का निवेश किया जाएगा। माइक्रोन ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि दो चरणों में विकसित किए जाने वाले इस संयंत्र पर वह अपनी तरफ से 82.5 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी। बाकी राशि का निवेश केंद्र एवं राज्य सरकारों की तरफ से किया जाएगा। अमेरिकी कंपनी ने कहा कि भारत सरकार की संवर्द्धित असेंबली, परीक्षण, मार्किंग एवं पैकेजिंग (एटीएमपी) योजना के तहत इस सेमीकंडक्टर संयंत्र को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार परियोजना की कुल लागत के 50 प्रतिशत हिस्से का वित्तीय समर्थन देगी जबकि 20 प्रतिशत राशि गुजरात सरकार की तरफ से दी जाएगी।

सेमीकंडक्टर चिप विनिर्माता ने कहा कि कुल 2.75 अरब डॉलर के निवेश से स्थापित होने वाले इस संयंत्र से करीब 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा जबकि 15,000 लोगों को कई साल तक परोक्ष रोजगार मिलता रहेगा। माइक्रोन ने कहा, ‘‘नए संयंत्र में डीआरएएम और एनएएनडी दोनों उत्पादों की असेंबली एवं परीक्षण विनिर्माण हो सकेगा और स्थानीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से आने वाली मांग भी पूरी की जा सकेगी।’’ सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि माइक्रोन के इस संयंत्र की स्थापना से भारत के सेमीकंडक्टर परिदृश्य में आमूलचूल बदलाव आएंगे और हजारों लोगों को रोजगार मिलेंगे। उन्होंने कहा, यह निवेश देश में सेमीकंडक्टर परिवेश के उभार में एक अहम पड़ाव साबित होगा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी इस निवेश योजना का स्वागत करते हुए कहा, एक सेमीकंडक्टर देश के तौर पर भारत के विकास के रोडमैप में यह एक बहुत बड़ा पड़ाव है।

प्रमुख खबरें

कच्चे तेल में गिरावट से US Dollar के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 95.62 पर बंद

UP FSDA ने 5 जिलों के 7 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की

देश के 23 IIT में 5 साल में 45 छात्रों ने की आत्महत्या, 62 फीसदी से अधिक आरक्षित वर्ग से

बिना पर्ची Antibiotics और दर्द निवारक दवाएं न बेचें, CDSCO ने जारी किया कड़ा निर्देश