हरियाणा के नूंह में भीड़ ने किया विहिप के जुलूस पर पथराव, होमगार्ड के दो जवानों की मौत, 15 घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 01, 2023

हरियाणा के नूंह जिले में भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जुलूस को रोकने की कोशिश कर कारों में आग लगा दी। इस दौरान होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्रालय हरियाणा में केंद्रीय बलों की 15 कंपनियां भेज रहा है। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सोहना में भी हिंसा भड़क गई है। मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैलते ही, निकटवर्ती गुरुग्राम जिले के सोहना में उग्र भीड़ ने चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने एक सड़क पर घंटों तक आवागमन को बाधित रखा। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पुलिस ने नूंह के एक शिव मंदिर से लगभग 2,500 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। इनमें श्रद्धालु और वे लोग शामिल थे जिन्होंने दोनों पक्षों के बीच झड़प के दौरान वहां शरण ली थी। नूंह और गुरुग्राम जिलों में निषेधाज्ञा लागू कर लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इस बीच, हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए केंद्र से एक सप्ताह के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की 20 कंपनियां मांगी हैं। केंद्रीय गृह सचिव को लिखे एक पत्र में, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने 31 जुलाई से एक सप्ताह के लिए तत्काल आरएएफ की 20 कंपनियों की मांग की। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा देते हुए नूंह में शांति की अपील की। इससे पहले, पुलिस ने कहा कि जलाए गए वाहन जुलूस का हिस्सा रहे लोगों और पुलिस के थे। एक वीडियो क्लिप में कम से कम चार कारों को जलते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य कथित वीडियो में पुलिस की दो क्षतिग्रस्त कारें दिखाई दे रही हैं। क्लिप में गोलियों की आवाज भी सुनी जा सकती है। पुलिस के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद की ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ को नूंह में खेड़ला मोड़ के पास युवकों के एक समूह ने रोका और पथराव करने लगे। एक अधिकारी ने बताया कि जुलूस में शामिल कम से कम चार कारों में आग भी लगा दी गई। कुछ पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

खबरों के मुताबिक, जुलूस में शामिल लोगों ने पलटवार करते हुए उन्हें रोकने वाले युवकों पर पथराव किया। जलाभिषेक यात्रा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने गुरुग्राम के सिविल लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जुलूस के साथ पुलिस की एक टुकड़ी भी तैनात गई थी। कुछ दावों के मुताबिक, बल्लभगढ़ में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक आपत्तिजनक वीडियो झड़प की वजह बना। ऐसी भी खबरें थीं कि राजस्थान में दो मुस्लिम व्यक्तियों की हत्या में आरोपी गोरक्षक मोनू मानेसर को जुलूस में शामिल होना था। मानेसर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने विहिप की सलाह पर जुलूस में भाग नहीं लिया, क्योंकि उन्हें डर था कि उनकी उपस्थिति से तनाव पैदा हो सकता है। ट्विटर पर कथित तौर पर उन्हें नूंह आने की चुनौती देने की धमकियां भी दी गईं। गृह मंत्री विज ने कहा कि वह वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। विज ने ‘पीटीआई-से कहा, हमारी पहली प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में लाना है। हम सभी से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

विज ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी बात की। विपक्षी दल कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को नूंह हिंसा को लेकर हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ गठबंधन कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने का अनुरोध किया। नूंह के विधायक आफताब अहमद और पूर्व विधायक जाकिर हुसैन ने भी इसी तरह की अपील की।

प्रमुख खबरें

Red Fort ब्लास्ट: भगोड़े Doctor समेत 3 आतंकियों पर NIA की चार्जशीट, सामने आया बड़ा कनेक्शन

Maharashtra Politics: एक ही विमान में Fadnavis और Uddhav Thackeray, क्या कोई नई खिचड़ी पक रही है?

Women T20 WC: सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने को भारत को हर हाल में दिखाना होगा दम

Stranger Things की सुपरहिट जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, Netflix पर साथ दिखेंगे Millie Bobby Brown-David Harbour