प्रख्यात चित्रकार Arpita Singh का दिल्ली में निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

नयी दिल्ली, नौ नवंबर आधुनिकतावादी चित्रकार अर्पिता सिंह का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण रविवार को यहां फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। उनके पति एवं कलाकार परमजीत सिंह ने यह जानकारी दी। वह 89 वर्ष की थीं।

अर्पिता सिंह को युद्ध और सांप्रदायिकता जैसे सामाजिक आघातों को दर्शाने वाली उनकी विस्तृत कलाकृतियों के लिए व्यापक रूप से जाना जाता था। परमजीत ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘वह पिछले कुछ वर्षों से हृदय और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित थीं। इसके बावजूद वह काम कर रही थीं।

पिछले तीन दिनों में उनका स्वास्थ्य काफी बिगड़ गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।’’ अर्पिता के परिवार में उनके पति हैं। उनकी इकलौती बेटी अंजुम सिंह का 2020 में कैंसर के कारण निधन हो गया था। वह भी एक कलाकार थीं।

उनकी 16 खंडों वाली कलाकृति ‘विश ड्रीम’ साल 2010 में सफ्रनआर्ट की एक ऑनलाइन नीलामी में 9.6 करोड़ रुपये में बिकी थी, जो किसी भी भारतीय महिला कलाकार की सबसे मूल्यवान कृति बनी थी। उनका अंतिम संस्कार दोपहर को लोधी रोड श्मशान घाट पर किया गया। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 2011 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

इसके अलावा, 2014 में उन्हें ललित कला अकादमी की फेलोशिप प्रदान की गई थी। ‘कला क्यूरेटर’ उमा नायर ने अर्पिता को ‘समकालीन भारतीय कला की दिग्गज’ और ‘महिला जगत की एम. एफ. हुसैन’ बताया। उन्होंने कहा कि उनकी कला की खूबसूरती इस बात में थी कि वह हिंसा, अराजकता और पितृसत्तात्मक मान्यताओं को बेहद सहज और सूक्ष्म तरीके से अपनी कृतियों में पिरोती थीं।

रजा फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी एवं कवि अशोक वाजपेयी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘उनकी कला उनके जाने के बाद भी जीवित रहेगी और अब अपने आप में एक नए जीवन का सृजन करेगी। अर्पिता सिंह का निधन भारतीय संस्कृति की पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी क्षति है।’’ अर्पिता का जन्म 1937 में पश्चिम बंगाल में हुआ था। वह 1946 में अपने परिवार के साथ दिल्ली आ गई थीं।

उन्होंने 1959 में दिल्ली पॉलिटेक्निक के स्कूल ऑफ आर्ट से ललित कला में डिप्लोमा के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। वर्ष 1991 में कैनवास पर तेल रंगों से बनाई गई उनकी पेंटिंग ‘थ्रेट’ में भारत में बढ़ती सांप्रदायिकता और उसी वर्ष हुए खाड़ी युद्ध का चित्रण किया गया था। इस चित्र में कैनवास के एक ओर तीन महिलाओं को भयभीत होकर दुबके हुए दिखाया गया है जबकि नीचे कुछ लोग जमीन पर पड़े नजर आते हैं।

वहीं, दूसरी ओर सेना की वर्दी पहने कुछ पुरुष डरावने अंदाज में उन्हें धमकाते दिखाई देते हैं। उनकी ‘देवी पिस्तौल वाली’ (1990) के चित्र में देवी दुर्गा के एक स्वरूप महिषासुर मर्दिनी की छवि को नए रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें पांच भुजाओं वाली एक महिला को एक ऐसे पुरुष पर पिस्तौल ताने हुए दिखाया गया है, जिसके हाथ में तलवार और ढाल है।

इस चित्र में पारंपरिक बिंबों को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, जहां घरेलू जीवन से जुड़े प्रतीकों के साथ हिंसा के खतरे को भी दर्शाया गया है।

प्रमुख खबरें

Marco Rubio की निगरानी में Nvidia प्रमुख Jensen Huang पर गोपनीय दस्तावेज तैयार हुआ

थिएटर्स में फ्लॉप होने के 1 महीने के अंदर ओटीटी पर आई Ranbaali, जानिए कब और कहां देख सकेंगे

Indian Army सप्लाई के नाम पर 11.5 करोड़ की ठगी, बंगाल से सिलीगुड़ी निवासी हर्ष अग्रवाल गिरफ्तार

IRCTC लाया Delhi से Andaman का Tour Package, फ्लाइट और होटल सहित मिलेंगी कई सुविधाएं