By नीरज कुमार दुबे | Nov 27, 2026
संसद का विशेष सत्र शुरू होने से पहले ही देश की राजनीति में महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। सरकार की योजना लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे लगभग 816 सीटों तक पहुंचाने की है। खास बात यह है कि प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से वृद्धि कर 2051 तक उनके बीच मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बनाए रखने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की राह आसान बनाने की तैयारी है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश किए जाने की संभावना है।
हम आपको बता दें कि अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में मिली हार के बाद मोदी सरकार इस बार बदले हुए राजनीतिक समीकरणों और नए प्रस्तावों के साथ मैदान में उतर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण को अपनी सरकार की प्रतिबद्धता बताया है, तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बहुमत का ऐसा अंकगणित तैयार करने की कोशिश की है, जिसमें एनडीए के सहयोगियों के साथ विपक्षी खेमे के कुछ दलों और असंतुष्ट सांसदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: Delimitation पर Modi Govt लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की साजिश रच रही है, Congress का आरोप
हम आपको बता दें कि इस बार सरकार की रणनीति केवल अपने सांसदों के भरोसे विधेयक पारित कराने की नहीं, बल्कि विपक्ष के भीतर मौजूद राजनीतिक मतभेदों को भी अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की है। लोकसभा में एनडीए की अनुमानित ताकत करीब 320 सांसदों की है, जबकि मौजूदा सदन की संख्या और मतदान में भाग लेने वाले सदस्यों के आधार पर संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत लगभग 360 वोट तक पहुंच सकती है। यानी सरकार को अपने मौजूदा कुनबे से बाहर करीब 40 अतिरिक्त सांसदों का समर्थन जुटाना होगा।
अमित शाह की नजर सबसे पहले उन क्षेत्रीय दलों पर है, जिनके लिए परिसीमन का मुद्दा राजनीतिक और क्षेत्रीय हितों से जुड़ा हुआ है। डीएमके के 22 सांसद, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के 8 सांसद और वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसद इस पूरे गणित में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। डीएमके ने तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की संवैधानिक गारंटी मिलने पर प्रस्ताव पर विचार करने के संकेत दिए हैं। वहीं शरद पवार की पार्टी भी विधेयक को पूरी तरह खारिज करने के बजाय उसकी शर्तों और प्रावधानों पर विचार कर रही है।
इसके अतिरिक्त शिरोमणि अकाली दल, वाईएसआर कांग्रेस, बीजू जनता दल और अन्य छोटे क्षेत्रीय दलों का समर्थन भी सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। सरकार की रणनीति का दूसरा पहलू विपक्षी सांसदों की अनुपस्थिति भी है। संविधान संशोधन के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है। ऐसे में यदि विपक्षी दलों के कुछ सांसद मतदान से दूर रहते हैं तो सरकार के लिए आवश्यक वोटों की संख्या कम हो सकती है।
साथ ही क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। ऐसे क्षेत्रीय दलों जहां नेतृत्व और सांसदों के बीच मतभेद हैं वहां से सरकार को समर्थन मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इन दलों में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं। आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के अधिकांश सांसद पहले ही अलग गुट बनाकर एनडीए को समर्थन दे चुके हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि राजनीतिक समीकरण मोदी सरकार के पक्ष में जा सकते हैं।
देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा राजनीतिक असर INDIA गठबंधन पर पड़ सकता है। महिला आरक्षण के सिद्धांत का विरोध करना विपक्ष के लिए आसान नहीं है, क्योंकि इससे महिला मतदाताओं के बीच गलत संदेश जाने का खतरा है। दूसरी तरफ परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताओं के कारण विपक्षी दलों के बीच एकराय बनाना भी चुनौतीपूर्ण है।
हम आपको बता दें कि मोदी सरकार ने इस बार सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखकर दक्षिण भारतीय राज्यों की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की है। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 816 करने और इसे अधिकतम 850 तक ले जाने की योजना इसी रणनीति का हिस्सा है।
देखा जाये तो राजनीतिक रूप से अमित शाह की असली परीक्षा केवल विधेयक पारित कराने की नहीं, बल्कि विपक्ष के उस साझा मोर्चे को कमजोर करने की भी है, जिसने अप्रैल में सरकार को रोक दिया था। यदि इस बार सरकार क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने और विपक्षी एकजुटता में दरार डालने में सफल रहती है तो यह केवल महिला आरक्षण की जीत नहीं होगी, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका भी साबित हो सकती है।