West Bengal में Modi के 6 बड़े वादों ने हिला दिये सत्ता के सारे समीकरण, TMC के लिए आगे की राह मुश्किल

By नीरज कुमार दुबे | Apr 09, 2026

पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी संग्राम ने अब उबाल पकड़ लिया है और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मेदिनीपुर की धरती से ऐसे वादों की बौछार की है जिसने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। चुनावी मंच से दिए गए उनके छह बड़े ऐलान सीधे तौर पर सत्ता में बैठी तृणमूल सरकार पर तीखा हमला भी हैं और जनता को लुभाने की स्पष्ट रणनीति भी। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बंगाल में फैले डर और अव्यवस्था के माहौल को निशाने पर लिया। उन्होंने साफ कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो भय का यह वातावरण खत्म कर विश्वास की स्थापना की जाएगी और कानून का राज मजबूत किया जाएगा। यह बयान केवल एक वादा नहीं बल्कि मौजूदा शासन व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।

इसे भी पढ़ें: Assam Election 2026: वोट डालने के बाद Sarbananda Sonowal का बड़ा दावा, NDA जीतेगी 100 सीटें

सबसे ज्यादा सनसनीखेज वादा भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर सामने आया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हर घोटाले, हर भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ हुए हर अपराध की फाइल दोबारा खोली जाएगी। यह बयान चुनावी माहौल में एक बड़े हथियार की तरह देखा जा रहा है, क्योंकि इससे सीधे तौर पर विरोधी दलों के नेताओं पर शिकंजा कसने का संदेश जाता है। प्रधानमंत्री ने और भी आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि तृणमूल शासन में जो भी भ्रष्टाचार में शामिल रहा है, उसे जेल जाना होगा। चाहे वह मंत्री हो या कोई साधारण कर्मचारी, कानून सब पर समान रूप से लागू होगा। यह बयान साफ करता है कि आने वाले समय में राजनीतिक टकराव और तेज हो सकता है।

शरणार्थियों और घुसपैठ के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार दिए जाएंगे, जबकि घुसपैठ करने वालों को देश में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हम आपको बता दें कि यह मुद्दा लंबे समय से बंगाल की राजनीति का केंद्र रहा है और इस पर दिया गया यह बयान चुनावी समीकरण बदल सकता है।

सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए प्रधानमंत्री ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने का वादा भी किया। यह कदम सीधे तौर पर लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रभावित करेगा, जिससे चुनाव में बड़ा असर पड़ सकता है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में दोहरे इंजन की सरकार की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होगी तो विकास की गति तेज होगी और बंगाल आत्मनिर्भर बन सकेगा, खासकर मत्स्य और समुद्री उत्पाद के क्षेत्र में।

देखा जाये तो प्रधानमंत्री के ये छह बड़े वादे केवल घोषणाएं नहीं बल्कि चुनावी रण में फेंके गए तेज धार वाले तीर हैं। अब देखना यह है कि बंगाल की जनता इन वादों को कितना स्वीकार करती है और सत्ता की कुर्सी किसके हाथ आती है।

प्रमुख खबरें

भारत में Semiconductor विनिर्माण के लिए बेहतरीन अवसर, BCG ने बताई वजह

Pravesh Verma पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, AAP ने शेयर किया वीडियो

नेपाल में भारी बारिश के बाद Valmikinagar Barrage से छोड़ा गया 4.24 लाख क्यूसेक पानी

IMD Weather Alert: मौसम ने लिया यू-टर्न! एक साथ तीन सिस्टम एक्टिव, 15 राज्यों में अलर्ट