Punjab School Bomb Threat | मोहाली में हड़कंप! 16 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला

By रेनू तिवारी | Feb 11, 2026

पंजाब के मोहाली में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के 16 प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरंत स्कूलों को खाली कराया और गहन तलाशी अभियान चलाया।  पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए मामले को मोहाली के फेज-7 स्थित साइबर पुलिस थाने को सौंप दिया गया है। तकनीकी टीमें अब आईपी एड्रेस और ईमेल के ओरिजिन की जांच कर रही हैं।

मानव मंगल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल और लर्निंग पाथ्स स्कूल उन विद्यालयों में शामिल हैं जिन्हें बम की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए। पुलिस ने बताया कि विद्यालय के अधिकारियों ने सुबह साढ़े सात बजे से आठ बजे के बीच ईमेल प्राप्त होने की सूचना दी थी जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई शुरू की।

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi के 'देश बेचा' आरोप पर Kiren Rijiju का पलटवार- 'कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ', अब नोटिस की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस ने शिक्षण संस्थानों की गहनता से जांच की। उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं, उनमें सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पुलिस अधीक्षकों, पुलिस उपाधीक्षकों और अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम को निरीक्षण टीम और बम निरोधक दस्तों के साथ विद्यालयों में भेजा गया।’’

इसे भी पढ़ें: UP Budget में महिलाओं, युवाओं और Farmers को Yogi सरकार की सौगात, जानें किसको क्या मिला?

उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान में करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल रहे और सभी 16 विद्यालयों को खाली करा लिया गया। हंस ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और चंडीगढ़ मुख्यालय के आस पास के जिलों से अतिरिक्त बल और विशेष टीम के सहयोग से लगभग ढाई घंटे के भीतर सभी विद्यालयों की जांच पूरी कर ली गई। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी स्थान पर कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।’’

तलाशी अभियान की निगरानी एसपी (पुलिस अधीक्षक) सिटी दिलप्रीत सिंह, एसपी नवनीत सिंह महल, मोहित अग्रवाल, सुखनाज सिंह, रमनदीप सिंह और तलविंदर सिंह गिल; डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल, डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल और सभी थाना प्रभारियों ने की।

जिन विद्यालयों में तलाशी ली गई, उनमें एमिटी स्कूल, दून स्कूल, लर्निंग पाथ्स, गुरुकुल स्कूल, विवेक हाई स्कूल, पैरागॉन स्कूल, वाईपीएस स्कूल, लॉरेंस स्कूल और जेम पब्लिक स्कूल शामिल थे। हंस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और जांच करने के लिए मामला मोहाली के फेज-7 स्थित साइबर पुलिस थाना को सौंप दिया गया है।

मोहाली के विद्यालयों में बम की धमकी की यह घटना चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा में हुई ऐसी ही घटनाओं के ठीक बाद सामने आई है, जहां विद्यालयों को मिली इस तरह की धमकियां अफवाह साबित हुई थीं।

प्रमुख खबरें

Justin Greaves ने रचा इतिहास: Pakistan के खिलाफ लगातार 5 Maiden Overs में झटके 5 Wickets, तोड़ा World Record

श्रीलंका दौरे के लिए Team India घोषित, Washington Sundar बाहर तो Saransh Jain को मिली पहली बार जगह

Glasgow CWG: Gyaneshwari Yadav ने जीता Silver, वेटलिफ्टिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन और पदकों की बढ़ी संख्या

कॉजपा ने न्यायालय के आदेश में सरकारी आश्वासनों की अनदेखी का दावा किया, फिर से आंदोलन की चेतावनी दी