By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
क्राइस्टचर्च, दो नवंबर मोहम्मद सिराज ने दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले लय हासिल करते हुए भारत ए की तरफ से न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार विकेट लिए लेकिन वह मेजबान टीम को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां पहली पारी में 78 रन की बढ़त हासिल करने से नहीं रोक पाए। न्यूजीलैंड की टीम के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय आठ विकेट पर 338 रन था लेकिन इसके बाद उसने अंतिम दो विकेट गंवाने से पहले 86 रन जोड़े।
इससे पहले तेज गेंदबाज सिराज ने 35 ओवरों में 118 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि एक अन्य तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने 29 ओवर 87 रन देकर पांच विकेट झटके। न्यूजीलैंड की पारी का आकर्षण मैथ्यू बॉयल के 110 और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के 93 रन रहे। यह दोनों हालांकि अपने कल के स्कोर में खास इजाफा नहीं कर पाए।
सिराज के लय में लौटने से भारतीय टीम प्रबंधन को बड़ी राहत मिली होगी क्योंकि उन्होंने उस मैदान पर अच्छा प्रदर्शन किया जिस पर दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट श्रृंखला 19 नवंबर से शुरू होगी। सिराज ने 35 ओवर गेंदबाजी की जिससे मुख्य कोच गौतम गंभीर और मोर्ने मोर्कल खुश होंगे।
सिराज इस मैच के बाद वनडे टीम से जुड़ जाएंगे। सिराज ने नई गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्हें दूसरे छोर से मुकेश का भी बहुत अच्छा साथ मिला।
सिराज हालांकि गेंद पुरानी पड़ जाने पर खास जलवा नहीं दिखा पाए। मैच के तीसरे दिन सुबह सिराज ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया। यह दिन का दूसरा ओवर था और दूसरे दिन शतक लगाने वाले बॉयल को एक ऐसी गेंद मिली जो स्विंग होती हुई उनके बल्ले का किनारा लेकर देवदत्त पडिक्कल के हाथों में पहुंच गई जिन्होंने बायीं तरफ डाइव लगाकर उसे लपक लिया।
बॉयल और फॉक्सक्रॉफ्ट ने चौथे विकेट के लिए 208 रन जोड़े। भारत के दूसरी नई गेंद लेने के बाद फॉक्सक्रॉफ्ट ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। सिराज की एक तेज इन-कटर उनके पैड से टकराई और वह एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
न्यूजीलैंड की टीम ने चाय की विश्राम तक सात विकेट पर 291 रन बनाए थे। मुकेश ने एक बार फिर नई गेंद से अपना दबदबा दिखाया। उनकी आउटस्विंगर गेंद पर मिच हे (31) ने विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल को कैच दे दिया।
इसके बाद सिराज ने ब्रेट रैंडेल (05) को इन-कटर पर बोल्ड किया। चाय सत्र के बाद क्रिस्टियन क्लार्क (41), फ्रेजर शीट (40), जेडन लेनोक्स (32) और जारोड मैकाय (33) ने महत्वपूर्ण पारियां खेली जिससे न्यूजीलैंड ए ने बढ़त हासिल कर ली। आकाश दीप प्रभाव नहीं छोड़ पाए जबकि मुकेश भी कूकाबुरा गेंद की चमक फीकी पड़ने के बाद बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर पाए।
वाशिंगटन सुंदर की ऑफ-ब्रेक गेंदों में कोई धार नहीं थी और इससे फिर से यह स्पष्ट हो गया कि वह अनुकूल परिस्थितियों में ही अच्छा प्रदर्शन कर पाते हैं।