छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों पर दोपहर एक बजे तक 53 फीसदी से अधिक मतदान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2024

रायपुर। छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक 53 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राज्य के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ की कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ। दोपहर एक बजे तक 53.09 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर लिया है। 


उन्होंने बताया कि कांकेर में 60.15 फीसदी, महासमुंद में 52.06 फीसदी और राजनांदगांव में 47.82 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। अधिकारियों ने बताया कि तेज गर्मी के कारण कई मतदाता सुबह जल्दी वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा राजनांदगांव क्षेत्र के भाजपा के उम्मीदवार संतोष पांडेय ने कबीरधाम जिले में मतदान किया। भाजपा उम्मीदवार रूपकुमारी चौधरी ने महासमुंद सीट के हर्राटार गांव में और भाजपा उम्मीदवार भोजराज नाग और उनकी पत्नी ने कांकेर सीट के तहत अंतागढ़ में वोट डाला। 


राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने कोंडागांव जिले के फरसगांव में मतदान किया। लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ और नए मतदाता मतदान में उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। बालोद जिले के गुरूर विकासखंड में 90 वर्षीय बिसोनी बाई व्हील चेयर में मतदान केंद्र तक आईं। वहीं धमतरी जिले के सिरसिदा गांव में 84 वर्षीय दिव्यांग (नेत्रहीन) चंद्रपाल मिश्रा ने मतदान किया। बालोद जिले के कचांदुर गांव में दुर्गेश चंद्राकर बारात जाने से पहले दूल्हे के वेश में मतदान करने पहुंचे। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में मेंहदी और हल्दी की रस्म के बीच दुल्हन रौशनी यादव मतदान करने मतदान केंद्र पहुंचीं। 


चुनाव के दौरान विवाह के मौसम को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने बालोद जिले के सिवनी गांव में एक मतदान केंद्र को विवाह मंडप के रूप में सजाया है जिसमें विवाह की रस्मों को प्रदर्शित किया गया है। गरियाबंद जिले में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गरियाबंद महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां आम चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को मतदान हो रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे पीपरछेड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के कूड़ेरादादर गांव के एक सरकारी स्कूल में हुई, जहां चुनाव ड्यूटी के लिए सुरक्षाकर्मी पहुंचे थे। 


उन्होंने बताया कि प्रधान आरक्षक जियालाल पवार ने कथित तौर पर वहां एक कमरे में अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। पवार रिजर्व टीम में थे और उन्हें मतदान ड्यूटी के लिए तैनात नहीं किया गया था। आज हो रहे मतदान में तीन लोकसभा क्षेत्रों में कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। तीनों लोकसभा क्षेत्रों में नक्सलवाद का प्रभाव है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में दूसरे चरण में आज महासमुंद, राजनांदगांव और कांकेर (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया। 


उन्होंने बताया कि तीन सीट में से कांकेर सीट का एक बड़ा हिस्सा नक्सल प्रभावित है, जहां सुरक्षा बल अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। वहीं राजनांदगांव और महासमुंद के कुछ इलाके इस खतरे से जूझ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया, कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं और इनमें से अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में माओवादियों के खतरे को देखते हुए सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। उन्होंने बताया कि अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों - सिहावा, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा और गुंडरदेही में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है। 


अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में मानपुर-मोहला विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। शेष सात विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने बताया कि महासमुंद निर्वाचन क्षेत्र के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौ संवेदनशील मतदान केंद्रों को छोड़कर निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। संवेदनशील नौ मतदान केंद्रों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। अधिकारियों ने बताया कि तीन सीट पर कुल 41 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें राजनांदगांव में 15, महासमुंद में 17 और कांकेर में नौ उम्मीदवार हैं। 


उन्होंने बताया कि तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 52,84,938 मतदाता हैं जिनमें से 26,05,350 पुरुष तथा 26,79,528 महिला मतदाता हैं। इन क्षेत्रों में तीसरे लिंग के 60 मतदाता पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में 6,567 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में 23 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 458 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए कुल 32,907 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। तीन निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मियों की लगभग 222 कंपनी तैनात की गई हैं। छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हो रहा है। 


नक्सल प्रभावित बस्तर (अजजा) निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण के दौरान मतदान हुआ था। शेष सात सीटों पर सात मई को अंतिम चरण के दौरान मतदान होगा। राजनांदगांव सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय और पूर्व मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूपेश बघेल के बीच मुकाबला है। सत्ताधारी भाजपा ने महासमुंद और कांकेर सीट पर अपने मौजूदा सांसदों के टिकट काट कर क्रमशः रूपकुमारी चौधरी और भोजराज नाग को मैदान में उतारा है। 

 

इसे भी पढ़ें: दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर दोपहर एक बजे तक 38.96 प्रतिशत मतदान


चौधरी और नाग पूर्व विधायक हैं। कांग्रेस ने महासमुंद में राज्य के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और कांकेर सीट पर बीरेश ठाकुर को मैदान में उतारा है। ठाकुर 2019 का लोकसभा चुनाव कांकेर सीट पर भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे। लोकसभा चुनाव-2019 में भाजपा ने राज्य की नौ लोकसभा सीट पर और कांग्रेस ने दो सीट पर जीत दर्ज की थी।

प्रमुख खबरें

प्रधानमंत्री के ‘घोर’आचार संहिता उल्लंघन पर कार्रवाई नहीं कर रहा निर्वाचन आयोग : माकपा

Pakistan में सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 14 लोगों की मौत

Election Commission ने भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख को नोटिस जारी किया

Bengal में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, दो लोग घायल