भारत में एक दिन में कोविड-19 टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 05, 2021

नयी दिल्ली|  देश में शनिवार को एक दिन में कोविड-19 के एक करोड़ से अधिक टीका लगाए गए, जिससे अभी तक टीके की 127.5 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी है।

भारत में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के अभी तक चार मामले सामने आए हैं। दक्षिण अफ्रीका में नया स्वरूप आने के बाद पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से देश में टीकाकरण की गति ने जोर पकड़ा है।

इस स्वरूप को डब्ल्यूएचओ ने ‘चिंताजनक’ करार दिया है। देश में शनिवार की रात सवा आठ बजे तक एक करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘भारत में आज कोविड-19 के एक करोड़ टीके लगाए गए। हर घर दस्तक अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान नई ऊंचाइयों को छू रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।’’

रोजाना टीकाकरण के आंकड़े शनिवार देर रात तक अंतिम रिपोर्ट आने के बाद बढ़ने की उम्मीद है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष नवंबर में प्रति दिन औसतन टीके की 59.32 लाख खुराकें लगाई जा रही थीं जबकि मई में प्रति दिन औसतन 19.69 लाख खुराक लगाई जा रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि भारत की आबादी के करीब 84.8 फीसदी वयस्कों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है, जबकि 50 फीसदी वयस्कों को दूसरी खुराक भी लग गई है।

प्रमुख खबरें

America में नेब्रास्का और आयोवा में तूफान से इमारतें ढहीं, कई लोग हुए घायल

Israel पर हमास के हमले में अपने कर्मियों की संलिप्तता के आरोपों की जांच कर रहा है UN

भारतीय स्पिनर छोटे प्रारूपों में गेंद को स्पिन की जगह तेज करा रहे : Muralitharan

ICICI बैंक का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 18.5 प्रतिशत बढ़कर 11,672 करोड़ रुपये पर