Morne Morkel ने Anshul Kamboj का किया बचाव, बोले सपाट पिच के कारण घटी रफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

(कुशान सरकार) क्राइस्टचर्च, 26 नवंबर भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने आलोचनाओं से घिरे अंशुल कंबोज का समर्थन करते हुए कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में कम गति से गेंदबाजी करने के लिए इस युवा तेज गेंदबाज कड़ी आलोचना नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि ऐसा मुख्य रूप से पिच सपाट होने की वजह से हुआ था। कंबोज ने दोनों पारियों में कुल 45 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन उनकी रफ्तार दूसरे और तीसरे स्पेल के दौरान 130 किमी प्रति घंटे से भी कम हो गई। इसके अलावा उनकी गेंदबाजी में बहुत कम विविधता देखने को मिली।

मोर्कल ने यहां दूसरे और अंतिम टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘अंशुल ने शानदार प्रदर्शन किया। बाहर से देखकर अंदाजा लगाना काफी मुश्किल है। अगर आप ड्रेसिंग रूम में बैठकर मैच देख रहे हैं और अगर विकेटकीपर को दो मीटर लंबे गेंदबाज के लिए स्टंप के सामने खड़ा होने पड़े, तो यह चिंताजनक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अंशुल की आलोचना करना सही नहीं है, क्योंकि उसने हमें मैच पर नियंत्रण दिलाया।

हमें उस खिलाड़ी का समर्थन करना चाहिए क्योंकि वह तब गेंदबाजी करता है जब परिस्थितियां मुश्किल होती हैं।’’ मोर्कल ने कहा, ‘‘विकेट की गति काफी धीमी हो गई थी, जिसके कारण गेंदबाजों की रफ्तार भी कम पड़ गई। विकेट सपाट हो सकते हैं, लेकिन आप नहीं चाहते कि उनकी गति इतनी कम हो जाए।’’ दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने 16 साल तक कूकाबुरा गेंदों से खेलने के अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि इस तरह की गेंद जब नई होती है तो तेज गेंदबाजों को उसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘आपको नई गेंद का सही इस्तेमाल करना होगा।

कभी-कभी आपको साहसी बनना पड़ता है।‘‘ मोर्कल ने इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सभी तेज गेंदबाज फिट और उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सभी गेंदबाज फिट और उपलब्ध हैं और हम कल इस बारे में फैसला लेंगे।’’ मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट के लिए अंतिम एकादश में शामिल नहीं किए जाने के बाद मचे बवाल पर मोर्कल ने कहा कि इस सीनियर तेज गेंदबाज को अपने प्रदर्शन का आकलन करने और उन क्षेत्रों पर काम करने की जरूरत है जहां वह सुधार कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।

कभी-कभी कठिन फैसले लेने पड़ते हैं। मैंने उनसे बातचीत ने कहा कि हमें यह देखना होगा कि हम कहां सुधार कर सकते हैं। टीम के चयन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है।’’ गेंदबाजी कोच ने यह भी कहा कि टीम का मुख्य लक्ष्य विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल खेलना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये सभी खिलाड़ी डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलना चाहते हैं। हर खराब सत्र के बाद, हम सिर्फ उसी में उलझ नहीं सकते। हमें सत्र दर सत्र विश्लेषण करना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’’ मोर्कल ने यह भी स्वीकार किया कि गुरनूर बराड़ अपने प्रदर्शन से मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं और टीम चाहती है कि वह भविष्य में मिलने वाले किसी भी अवसर के लिए तैयार रहें।

उन्होंने कहा, ‘‘गुरनूर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में जगह बनाने के लिए तैयार हैं। उसे बस मौका मिलते ही तैयार रहने की जरूरत है। मेरा काम उसे पूरी तरह से तैयार रखना है।’’

प्रमुख खबरें

Nepal Flood में लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की तैयारी, NDRRMA ने मांगी आपत्तियां

26/11 मुंबई हमले की बरसी पर President Droupadi Murmu ने शहीदों और पीड़ितों को किया नमन

Mumbai terror attack: सुवेंदु अधिकारी ने 26/11 के शहीदों और पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

खजूरी खास हत्याकांड में शामिल बदमाश अमान गाजी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार