By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पारिवारिक संपत्ति विवाद और घर से निकाले जाने की शिकायत लेकर पहुंची एक युवती से बुधवार को मुलाकात की और उसे तुरंत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। युवती का मंगलवार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है जिसमें वह नीमच जिले के मनासा में मुख्यमंत्री यादव के दौरे के वक्त उनसे मिलने की नाकाम कोशिश करती नजर आई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती ‘‘सर, मेरी बात सुनो...’’ कहते हुए सुरक्षा घेरा पार करके मुख्यमंत्री के काफिले में उनकी कार के पास जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पुलिस उसे रोक देती है।
इसके बाद युवती रोती हुई नजर आती है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के अगले दिन बुधवार को मुख्यमंत्री ने युवती को बुलाकर उसकी पूरी समस्या सुनी। यादव से बातचीत के दौरान युवती ने आरोप लगाया कि उसकी दादी और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया है और उसके पिता की निजी संपत्ति पर कब्जा भी कर लिया है।
युवती ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह फिलहाल उज्जैन में अपनी नानी के पास रह रही है और संपत्ति विवाद के संबंध में अदालत में मामला दायर किया है। युवती की शिकायत सुनने के बाद यादव ने मौके पर मौजूद नीमच के जिलाधिकारी हिमांशु चंद्रा को मामले की जांच करके उसकी मदद के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने युवती से कहा कि वह उसे एक लाख रुपये की सहायता तुरंत दे रहे हैं और आगे भी उसे हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी।