कर्नाटक में कांग्रेस की जीत राहुल गांधी की जीत और मोदी की हार है : Madhya Pradeshके नेता प्रतिपक्ष

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 16, 2023

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत को राहुल गांधी की जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हार बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वैचारिक मार्गदर्शक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) को ‘‘अफवाह फैलाने वाला संगठन’’ करार दिया। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को हुए मतदान में कांग्रेस ने 135 सीटें जीतीं जबकि भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) को क्रमश: 66 और 19 सीटें मिलीं।

चुनाव प्रचार अभियान के दौरान, मोदी ने दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के वादे के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा था और प्रतिबंध की तुलना बजरंगबली को ‘‘तालाबंद’’ करने से की थी। उन्होंने कुछ भाषणों में जय बजरंगबली का उद्घोष भी किया था। प्रदेश कांग्रेस इकाई में कथित गुटबाजी के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। यह भाजपा का षड्यंत्र है। भाजपा में भी एक आरएसएस है। इसका नाम है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ। मैं तो हमेशा से कहता हूं ये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं है, ये राष्ट्रीय षड्यंत्रकारी संगठन है। आरएसएस, ‘रयूमर स्प्रेडिंग सोसायटी’ यानी अफवाह फैलाने वाली संस्था है।’’

अपने शुरुआती दिनों में सिंह समाजवादी नायक राम मनोहर लोहिया की समाजवादी युवजन सभा से जुड़े थे। वह 1993 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। जनता दल के टिकट पर 1990 में उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता था। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव साल के अंत तक होने हैं।

प्रमुख खबरें

उत्तर प्रदेश में दो दर्दनाक घटनाएं! सुलतानपुर में नर्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, बलिया में लड़की ने कथित तौर पर खुदकुशी की

नागपुर में Rahul Gandhi पर BJP का हमला, कांग्रेस ने बताया जनता की आवाज

रिहा नहीं किया गया तो... नेताओं की गिरफ्तारी को देख अब सोनम वांगचुक ने दी चेतावनी

Bigg Boss 20 Updates | वीकेंड का वार में सलमान खान ने लगाई कंटेस्टेंट्स की क्लास, गुल्लू ने खोले राज, आसिफ खान बने इस हफ्ते के नए कैप्टन