CSK के मेंटर बने MS Dhoni, पांच आईपीएल खिताब और 278 मैचों का रहा सफर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज खिलाड़ी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मंगलवार को फ्रेंचाइजी के मेंटर नियुक्त किये गये। आईपीएल में करीब दो दशक तक अपनी कप्तानी और खेल से छाप छोड़ने वाले धोनी के करियर की प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं। ----- चेन्नई सुपर किंग्स ने 2008 में आईपीएल की पहली नीलामी में धोनी को खरीदा और पहले ही सत्र से टीम की कप्तानी सौंपी।

इसके बाद करीब दो दशक तक वह फ्रेंचाइजी का प्रमुख चेहरा बने रहे। ----- धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। बतौर कप्तान पांच खिताब जीतने के मामले में वह रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

----- धोनी आईपीएल में लगातार दो बार खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने। उनकी अगुआई में चेन्नई ने 2010 और 2011 में लगातार ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा टीम ने 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता।

----- धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 10 बार आईपीएल फाइनल में पहुंची और 12 सत्र में प्लेऑफ तक का सफर तय किया। इस दौरान टीम ने लीग की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली फ्रेंचाइजी के रूप में पहचान बनाई। ----- मैच फिक्सिंग मामले में सीएसके पर 2016 और 2017 में दो साल का प्रतिबंध लगने के कारण धोनी को पुणे की टीम से खेलना पड़ा।

वह इन दो सत्र में सीएसके के अलावा किसी अन्य आईपीएल टीम का हिस्सा रहे। 2016 में उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी की, जबकि 2017 में स्टीव स्मिथ की अगुआई में खेले। उस सत्र में पुणे की टीम फाइनल में मुंबई इंडियंस से महज एक रन से हार गई थी।

----- दो साल के प्रतिबंध के बाद सीएसके की वापसी वाले 2018 सत्र में धोनी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 75.83 की औसत और 150.66 के स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए। इस दौरान ‘डैड्स आर्मी’ (अधिक उम्र वाले कई खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली टीम) के नाम से मशहूर चेन्नई की टीम ने तीसरी बार खिताब जीता।

----- धोनी का आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन है। उन्होंने 2019 में यह स्कोर बनाया था। उस सत्र में उनका बल्लेबाजी औसत 83.20 रहा।

उन्होंने अपने आईपीएल करियर में एक भी शतक नहीं लगाया, लेकिन 24 अर्धशतक जरूर जड़े। ----- आईपीएल 2022 से पहले धोनी ने रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंप दी थी। टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने हालांकि सत्र के बीच में दोबारा कप्तानी संभाल ली।

----- धोनी की अगुआई में चेन्नई ने 2023 के बारिश से प्रभावित फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। ----- वर्ष 2023 में धोनी आईपीएल में 250 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने। ----- आईपीएल 2024 की शुरुआत से ठीक पहले धोनी ने कप्तानी छोड़ दी और टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी।

----- धोनी ने 2024 में घुटने की सर्जरी के बाद उस सत्र में मुख्य रूप से पारी के अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने महज 73 गेंदों पर 161 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 220.54 रहा, जो उनके किसी भी आईपीएल सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 13 छक्के लगाए। इसी सत्र में वह आईपीएल में 250 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में भी शामिल हुए। ----- ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होकर सत्र से बाहर होने के बाद धोनी ने 2025 में एक बार फिर चेन्नई की कप्तानी संभाली।

हालांकि, टीम पहली बार अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। ----- पिंडली और अंगूठे की चोट के कारण धोनी आईपीएल 2026 के पूरे सत्र से बाहर रहे। यह पहला मौका था जब वह आईपीएल के किसी पूरे सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए।

18 मई को चेपॉक में सीएसके के आखिरी घरेलू मुकाबले के बाद उन्होंने टीम के साथ मैदान का चक्कर लगाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। ----- धोनी ने 278 मैचों में 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से कुल 5,439 रन बनाए। विकेटकीपर के रूप में उनके नाम आईपीएल में सर्वाधिक शिकार (कैच और स्टंपिंग) करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

----- धोनी आईपीएल 2027 सत्र से चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर (मार्गदर्शक) की जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रमुख खबरें

बॉलीवुड का सबसे हैरान करने वाली प्रेम कहानी: जब मधुबाला के प्यार में पागल होकर किशोर कुमार ने बदल लिया था अपना धर्म!

Tamil Nadu: मंदिर उत्सव में CM Vijay की प्रशंसा पर विवाद, सरकार ने स्पष्टीकरण मांगा

20 नवंबर से शुरु होगा Wedding Season, साल 2027 में टूटेगा 26 साल का रिकॉर्ड! विवाह के 96 शुभ मुहूर्त

जब अपनी जान पर खेलकर हीरो ने बचाई थी सुपरस्टार की जान, किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है सुनील दत्त और नर्गिस की प्रेम कहानी