Mumbai के Income Tax Bhavan में लगी आग पर 5 घंटे बाद पाया गया काबू, कोई हताहत नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 18, 2026

दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्थित सात मंजिला आयकर कार्यालय की इमारत के भूमिगत तल में सोमवार दोपहर आग लग गई, जिसके बाद सीढ़ियों और यांत्रिक सीढ़ियों का इस्तेमाल करके कई लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीकृत एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की वजह से धुआं तेजी से फैल गया; इसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े। दमकल विभाग के अनुसार, पहली, दूसरी और तीसरी मंज़िल से 15 लोगों को बचाया गया और सीढ़ियों के ज़रिये सुरक्षित रूप से भूतल पर लाया गया। इसके अलावा, पहली मंज़िल से पांच-छह लोगों को ‘विशेष सीढ़ी’ की मदद से बचाया गया, जबकि छत पर शरण लेने वाले आठ लोगों को ‘यांत्रिक सीढ़ी’ की मदद से नीचे लाया गया।

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई अग्निशमन सेवा ने अपराह्न करीब 2.45 बजे आग को ‘स्तर-2’ की आग घोषित किया, जो एक गंभीर घटना का संकेत है। मौके पर कम से कम आठ दमकल गाड़ियां और आग बुझाने वाली कई अन्य गाड़ियां तैनात की गईं। आयकर विभाग के एक कर्मचारी ने अपना नाम न बनाने की शर्त पर कहा कि जब आग लगने के बाद बाहर अफरातफरी मची, तो वे पांचवीं मंज़िल पर दोपहर का भोजन कर रहे थे।

जब इमारत तेजी से धुएं से भर गई, वह इमारत के पिछले हिस्से से बाहर निकल गए। आयकर अधिकारियों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए, सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश बागुल ने बताया कि इस इमारत में करीब 1,800 कर्मचारी काम करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि अंदर मौजूद ज़्यादातर लोग बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए।

मुंबई अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहली मंज़िल और छत से सीढ़ियों का इस्तेमाल करके महिलाओं समेत कई अन्य लोगों को बचाया। दमकल विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, इमारत में केंद्रीकृत वातानुकूलित प्रणाली लगी है, इसलिए सभी खिड़कियां बंद थीं। इस वजह से इमारत में धुआं तेजी से फैल गया।

भूमिगत तल, जहां स्ट्रॉन्ग रूम और सामान रखा हुआ था, पूरी तरह धुएं से भर गया था। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, आग भूमिगत तल में लगभग 7,000 से 8,000 वर्ग फुट के इलाके में फैली थी और यह बिजली की वायरिंग और इंस्टॉलेशन, केबिन में रखे रिकॉर्ड, कबाड़, बेकार रिकॉर्ड, कागज का स्टॉक, लकड़ी के पार्टीशन और अन्य सामान तक ही सीमित थी।

लगभग पांच घंटे बाद, शाम 7:08 बजे आयकर भवन के भूमिगत तल में लगी आग बुझा दी गई। मुंबई अग्निशमन विभाग के मुख्य दमकल अधिकारी रवींद्र अंबुलगेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग भूमिगत तल तक ही सीमित रही और इमारत के दूसरे हिस्सों में नहीं फैली। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रमुख खबरें

सरकार ने ECMS के 31 नए विनिर्माण प्रस्तावों को ₹7,877 करोड़ की मंजूरी दी

Tata Power और IIT Bombay ने उन्नत स्वच्छ ऊर्जा पर मास्टर रिसर्च समझौता किया

Bain Capital ने Embassy REIT की 5.64% हिस्सेदारी 2,325 करोड़ रुपये में बेची

Afghanistan-India संबंधों से दोनों देशों को मिलेगा लाभ, दूतावास में बोले नूर अहमद नूर