Mumbai Police ने उज्जैन से संचालित फर्जी कॉल सेंटर का पता लगाया, तीन गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 12, 2024

मुंबई पुलिस ने मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर से संचालित शेयर कारोबार से जुड़े फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है और निवेशकों को चूना लगाने वाले तीन कथित ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मुंबई के माटुंगा इलाके के 56 साल के एक व्यक्ति ने शेयर बाजार में निवेश के बहाने 8.33 लाख रुपये डूबने की शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला कि तीनों आरोपियों पर एक ही तरीका अपनाकर निवेशकों को चूना लगाने के लिए 39 मामले लंबित हैं।

उन्होंने बताया कि माटुंगा निवासी शिकायतकर्ता को फरवरी में फोन आया जिसमें बात कर रहे व्यक्ति ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश के फायदे गिनाए। अधिकारी के अनुसार उन्हें एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने और इसके माध्यम से निवेश करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि शुरू में शिकायतकर्ता ने 7,500 रुपये लगाए और उनकी रकम बढ़ गई।

इसके बाद फोन करने वाले ने उनका विश्वास अर्जित करके और अधिक पैसा लगवाया। पुलिस ने कहा कि जब उस व्यक्ति ने 8.33 लाख रुपये का निवेश कर दिया और कुछ भी लाभ नहीं हुआ तो उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ और अज्ञात साइबर धोखेबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस ने जांच के दौरान ग्वालियर निवासी राजबहादुर राम सिंह भदौरिया (62) को छह अप्रैल को मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। इसके बाद मिले सुराग के आधार पर इंदौर निवासी अंकित उर्फ राजकुमार शिंदे (30) तथा उज्जैन निवासी संजय बैरागी (28) को गिरफ्तार किया गया।

प्रमुख खबरें

Punjab Cabinet ने High Court के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया

Akhilesh Yadav ने BJP पर साधा निशाना, बोले- पराए धन को अपना बनाना सत्तारूढ़ दल खूब जानता है

Jharkhand में मंत्री Sudivya Kumar के निधन पर SIR सुनवाई टली, 2 दिन का राजकीय शोक घोषित

Jammu Kashmir में सामान्य स्थिति के दावे पर Tarigami ने उठाए सवाल