By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
मुंबई यातायात पुलिस ने अनधिकृत तेज रोशनी वाली हेडलाइट का इस्तेमाल करने पर 12,585 वाहनों का चालान काटा और करीब 88.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन डैजलिंग लाइट’ नाम से यह विशेष अभियान एक जून से 26 अक्टूबर के बीच शहर के 41 यातायात मंडलों में चलाया गया, जिसके तहत मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत 12,585 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और करीब 88.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विभाग ने वाहन चालकों से रात में ‘लो-बीम’ हेडलाइट का इस्तेमाल करने, वाहनों में अनधिकृत उपकरण नहीं लगवाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।