By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 29, 2026
म्यांमा की सेना द्वारा एक ताकतवर विद्रोही समूह के नियंत्रण वाले क्षेत्र में एक बाजार के पास किए गए हवाई हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई और 58 अन्य घायल हो गए। विद्रोही समूह और बचाव अभियान से जुड़े एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पश्चिमी रखाइन प्रांत में हुआ यह हमला देशभर में लोकतंत्र-समर्थक विद्रोही गुटों और जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ घातक हवाई हमलों की कड़ी में सबसे ताजा हमला है।
हमले से जुड़ी जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पायी है। अराकान आर्मी ने मंगलवार तड़के जारी एक बयान में कहा कि दोपहर के करीब एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए, जिनकी चपेट में आकर दुकानदारों, खरीदारी करने आए लोगों और पैदल चल रहे लोगों की मौत हो गई। समूह ने बताया कि हमले में 58 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 22 की हालत गंभीर है।
बयान में कहा गया कि समूह ‘‘बड़े पैमाने पर लोगों की मौत का कारण बने जानबूझकर किए गए हवाई हमलों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ जल्द ही प्रभावी जवाबी कार्रवाई करेगा।’’ रखाइन में बचाव अभियान से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वाई हुन आंग ने घटनास्थल पर मौजूद बचावकर्मियों के हवाले से हताहतों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘‘रखाइन में यह सबसे भीषण हवाई हमलों में से एक है।’’ सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में इमारतों में आग लगी हुई, क्षतिग्रस्त वाहन और पास के एक पुल का कुछ हिस्सा टूटा हुआ दिखाई दिया। सेना ने हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
रखाइन में संघर्ष तेज होने के बाद से सेना ने व्यापार मार्गों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं, जिससे खाद्य पदार्थों की कमी और गंभीर हो गई है। दिसंबर में रखाइन के म्राउक-यू कस्बे में एक अस्पताल पर सेना के हवाई हमले में कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई थी और 80 अन्य घायल हुए थे।