By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 19, 2026
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में कथित संलिप्तता के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने यह दावा किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी के एक और नेता सुभाशीष भट्टाचार्य को भी प्रधान को गिरफ्तार करने से पुलिस को कथित तौर पर रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
तब से उनके खिलाफ कम से कम 12 मामले दर्ज हैं। लेकिन आज, क्योंकि उन्होंने सफलतापूर्वक अपना नामांकन दाखिल कर दिया, इसलिए पुलिस के जरिए उन्हें गिरफ्तार करा दिया गया।’’ इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस को अपनी पार्टी का समर्थन देने की घोषणा की थी। यह घोषणा ममता बनर्जी खेमे की उम्मीदवार के चुनाव मैदान से हटने के कुछ घंटे बाद की गई।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं है कि प्रधान को क्यों गिरफ्तार किया गया और उन्हें कहां रखा गया है। पुलिस ने इस घटनाक्रम पर कुछ नहीं कहा है। सरकार ने कहा, मुझे जानकारी मिल रही है कि उन्हें हत्या के एक मामले में हिरासत में लिया गया है, लेकिन हमें इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
मिलन नंदीग्राम भूमि आंदोलन के अग्रणी नेताओं में से एक थे और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे। लेकिन उन्हें आज ही क्यों गिरफ्तार किया गया? कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जब पार्टी ने निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क किया तो वह भी प्रधान की गिरफ्तारी के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके।
सरकार ने कहा, पुलिस ने मिलन की गिरफ्तारी का कोई कारण नहीं बताया है। यह काफी हैरान करने वाला है। जब आदर्श आचार संहिता लागू है और उस सीट का प्रशासन निर्वाचन आयोग के अधीन है, तो पुलिस किसी उम्मीदवार को कैसे गिरफ्तार कर सकती है?
जब हमने एक अधिकारी से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेने के बाद वह हमें बताएंगे। नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।